रायगढ़: नर्सरी के छात्र की पिटाई, शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Apr 2023 07:00 PM
रायगढ़: नर्सरी के छात्र की पिटाई, शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज

ऑडियो सुनें

रायगढ़. नर्सरी में पढ़ने वाले तीन साल के छात्र की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने एक निजी स्कूल की शिक्षिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि शहर की सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने तीन वर्षीय छात्र की पिटाई के मामले में कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल की शिक्षिका सोनिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासी वीसी गांधी ने शिकायत दी थी कि उनका तीन साल का बेटा स्कूल के नर्सरी कक्षा में पढ़ता है. सात जुलाई, 2022 को शिक्षिका ने उसके पुत्र की पिटाई कर दी जिससे उसके गाल में सूजन आ गया था. जब गांधी ने शिक्षिका से शिकायत की तब उनसे अपने पुत्र को स्कूल से निकाल लेने को कहा गया.

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद गांधी ने मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग, रायपुर में थी. आयोग के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षिका सोनिया के खिलाफ भारतीय दंड विधान और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu