अक्षय कुमार ने पान मसाला का विज्ञापन करने के लिए माफी मांगी, ब्रांड से खुद को किया अलग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Apr 2022 09:03 PM
अक्षय कुमार ने पान मसाला का विज्ञापन करने के लिए माफी मांगी, ब्रांड से खुद को किया अलग
ऑडियो सुनें

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने एक पान मसाला ब्रांड का विज्ञापन करने के लिए बृहस्पतिवार को अपने प्रशंसकों से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि वह इस ब्रांड के प्रचार से खुद को अलग कर रहे हैं. अक्षय, पान मसाला का प्रचार करने को लेकर सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के निशाने पर आ गए थे. उपयोगकर्ताओं ने अभिनेता का एक पुराना वीडियो साझा किया था, जिसमें वह जीवन में कभी भी तंबाकू का प्रचार न करने की बात कहते नजर आ रहे थे.

अभिनेता (54) ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं माफी चाहता हूं.’’ उन्होंने बताया कि वह पान मसाला ब्रांड से खुद को अलग कर रहे हैं और इससे अर्जित पूरी राशि किसी ‘‘नेक कार्य’’ के लिए दान करेंगे. अक्षय ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं अपने सभी प्रशंसकों और शुभंिचतकों से माफी मांगना चाहता हूं. पिछले कुछ दिनों में आपकी प्रतिक्रिया ने मुझे बहुत प्रभावित किया है. मैंने तंबाकू का प्रचार न तो किया है और न ही करूंगा, मैं इस संबंध में आपकी प्रतिक्रिया का सम्मान करता हूं…’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं पूरी विनम्रता के साथ इस ब्रांड से अलग होता हूं. मैंने इससे अर्जित पूरी रकम को किसी नेक कार्य के लिए दान करने का फैसला किया है.’’ अक्षय ने कहा कि संबंधित ब्रांड ‘‘मेरे लिए बाध्यकारी अनुबंध की कानूनी अवधि’’ तक विज्ञापन का प्रसारण जारी रख सकता है.

उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि, मैं भविष्य में विज्ञापनों के चयन में बेहद सावधानी बरतने का वादा करता हूं. इसके बदले में, मैं आपका प्यार और शुभकामनाएं चाहूंगा.’’ इससे पहले, मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने भी खुद को एक पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन से अलग कर लिया था. उन्होंने इसके प्रचार से अर्जित धनराशि को वापस करने की जानकारी भी दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu