आप लंबे समय बाद सही जगह पर हैं, लेकिन बहुत देर से आये: शाह ने अजित पवार से कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 08:25 PM
आप लंबे समय बाद सही जगह पर हैं, लेकिन बहुत देर से आये: शाह ने अजित पवार से कहा
ऑडियो सुनें

पुणे. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुणे में एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ मंच साझा किया और कहा कि वह ”लंबे समय के बाद सही जगह” पहुंचे हैं, लेकिन ”बहुत देर से आए.” शाह का यह बयान ऐसे समय आया है जब करीब एक महीने पहले गत 2 जुलाई को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार के भतीजे अजित पवार पार्टी के आठ विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में शामिल हो गए थे.

पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया, जबकि छगन भुजबल और दिलीप वलसे पाटिल सहित अन्य आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी. शाह ने कहा, ”अजित पवार के साथ यह मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है. मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वह लंबे समय बाद अब सही जगह पर बैठे हैं. यह हमेशा आपके लिए सही जगह थी, लेकिन आप यहां बहुत देर से आए.” शाह सहकारी समितियों के केंद्रीय रजिस्ट्रार (सीआरसीएस) कार्यालय के डिजिटल पोर्टल की शुरुआत करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे. इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस भी मौजूद थे.

नवंबर 2019 में, विधानसभा चुनाव और भाजपा एवं शिवसेना के अलग होने के बाद, फडणवीस और अजित पवार ने राजभवन में सुबह-सुबह एक कार्यक्रम में क्रमश? मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. हालांकि, उनकी सरकार केवल 80 घंटे तक चली थी क्योंकि पवार राकांपा में वापस लौट गए थे.

बाद में, शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे की पार्टी ने महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार बनाने के लिए राकांपा और कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने के बाद ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. हालांकि, पिछले साल जून में एकनाथ शिंदे और 39 विधायकों द्वारा ठाकरे के खिलाफ विद्रोह करने और शिवसेना को विभाजित करने के बाद एमवीए सरकार राज्य की सत्ता से हट गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu