कांग्रेसी होने के कारण चाहूंगा कि राहुल गांधी ‘इंडिया’ की तरफ से प्रधानमंत्री पद का चेहरा हों: भूपेश बघेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 25 Aug 2023 10:28 PM
कांग्रेसी होने के कारण चाहूंगा कि राहुल गांधी ‘इंडिया’ की तरफ से प्रधानमंत्री पद का चेहरा हों: भूपेश बघेल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की अगली बैठक से कुछ दिन पहले शुक्रवार को कहा कि एक कांग्रेसी के रूप में वह चाहते है कि राहुल गांधी विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद का चेहरा हों. उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन बनने के बाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह घबरा गई है.

‘इंडिया’ की अगली बैठक 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होने वाली है. बघेल का यह भी कहना था कि वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को संसद में देखना चाहते हैं. विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच कुछ राज्यों में मतभेद से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता ऐसे मुद्दों का समाधान करेंगे.

उन्होंने कहा, ”आज सबसे ज्यादा जरूरी यह है कि उन लोगों को सत्ता से बाहर किया जाए जो तानाशाही कर रहे हैं.” बघेल ने कहा कि ‘इंडिया’ के गठन से राजग में घबराहट शुरू हो गई है. उनका कहना था, ”प्रधानमंत्री और भाजपा के कई नेताओे ने जो बयान दिए हैं, उनसे साफ है कि वे घबराए हुए हैं.”

यह पूछे जाने पर कि क्या 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनौती देंगे, छत्तीसगढ. के मुख्यमंत्री ने कहा, ”राहुल जी जो पहले थे, वही आज हैं. जनता ने अब जाना है. सबसे बड़ी बात है कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा बहुत घबराई हुई है. इसीलिए उनकी सदस्यता रद्द करवाई, बंगला खाली कराया. घबराहट बहुत ज्यादा है.” उन्होंने यह भी कहा, ”कांग्रेस होने के नाते मैं कहूंगा कि राहुल जी प्रधानमंत्री पद का चेहरा हों.” यह पूछे जाने पर कि क्या वह प्रियंका गांधी को संसद में देखना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा, ”क्यों नहीं देखना चाहेंगे? वह लगातार सक्रिय रहती हैं. लोग उनसे लगातार प्रभावित रहते हैं. हम हमारी स्टार प्रचारक हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu