एशियाई खेलों की भारतीय हॉकी टीम में ललित की वापसी, आकाशदीप और कार्ति को जगह नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 31 Aug 2023 07:49 PM
एशियाई खेलों की भारतीय हॉकी टीम में ललित की वापसी, आकाशदीप और कार्ति को जगह नहीं
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. अनुभवी ललित उपाध्याय ने चीन के हांगझोउ में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की 18 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम में वापसी की लेकिन स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह और कार्ति सेलवम को टीम में जगह नहीं मिली. हॉकी इंडिया के चयनकर्ताओं ने इस महीने की शुरुआत में चेन्नई में एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी जीतने वाली टीम में शामिल तीन खिलाड़ियों आकाशदीप, कार्ति और डिफेंडर जुगराज सिंह को बाहर का रास्ता दिखाया.

ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह और मिडफील्डर हार्दिक सिंह एशियाई खेलों के लिए क्रमश: कप्तान और उप कप्तान की भूमिका निभाते रहेंगे. टीम में जुगराज की जगह संजय लेंगे जबकि आकाशदीप और कार्ति की जगह ललित और अभिषेक को टीम में शामिल किया गया है. टीम में पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुकर पाठक के रूप में दो गोलकीपर शामिल हैं.

इस बीच गोलकीपर सविता पूनिया एशियाई खेलों में 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की अगुआई करेंगी. पिछले महीने जर्मनी और स्पेन दौरे पर टीम में शामिल अनुभवी सुशीला चानू, बलजीत कौर और ज्योति छतरी को टीम में जगह नहीं मिली है. एशियाई खेलों की टीमों के लिए यहां हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित विदाई समारोह के दौरान टीमों की आधिकारिक घोषणा की गई.

पुरुषों की 12 टीमों की प्रतियोगिता में भारत को पूल ए में एशियाई खेलों के मौजूदा चैंपियन जापान, चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, बांग्लादेश, सिंगापुर और उज्बेकिस्तान के साथ रखा गया है जबकि पूल बी में कोरिया, मलेशिया, चीन, ओमान, थाईलैंड और इंडोनेशिया हैं.

जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम को कोरिया, मलेशिया, हांगकांग और सिंगापुर के साथ पूल ए में रखा गया है जबकि मौजूदा चैंपियन जापान, मेजबान चीन, थाईलैंड, कजाखस्तान और इंडोनेशिया पूल बी में हैं.
भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत 24 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ करेगी जबकि महिला टीम 27 सितंबर को अपने शुरुआती मैच में सिंगापुर से भिड़ेंगी.

एशियाई खेलों के लिए भारतीय हॉकी टीमें इस प्रकार हैं:-

पुरुष टीम:-

पीआर श्रीजेश, कृष्ण पाठक, वरुण कुमार, अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), संजय, सुमित, नीलाकंता शर्मा, हार्दिक सिंह (उप-कप्तान), मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, अभिषेक, गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह और ललित कुमार उपाध्याय.

महिला टीम:-

सविता (कप्तान), बिचू देवी खारीबाम, दीपिका, लालरेमसियामी, मोनिका, नवनीत कौर, नेहा, निशा, सोनिका, उदिता, इशिका चौधरी, दीप ग्रेस एक्का (उप-कप्तान), वंदना कटारिया, संगीता कुमारी, वैष्णवी विट्टल फाल्के, निक्की प्रधान, सुशीला चानू और सलीमा टेटे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu