एशिया कप 2023: कोलंबो में ही होंगे सुपर फोर मुकाबले और फाइनल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Sep 2023 07:46 PM
एशिया कप 2023: कोलंबो में ही होंगे सुपर फोर मुकाबले और फाइनल
ऑडियो सुनें

कोलंबो. एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर चार चरण के मुकाबले और फाइनल मंगलवार को कोलंबो में ही कराने का फैसला किया क्योंकि श्रीलंका की राजधानी में मौसम बेहतर होने के संकेत मिले हैं. कोलंबो में भारी बारिश के बाद पिछले कुछ दिनों में इस तरह की अटकलें थी कि एशिया कप के सुपर चार मुकाबलों और फाइनल को हंबनटोटा में स्थानांतरित किया जा सकता है.

पीटीआई को सूचना मिली है कि एसीसी ने श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी), मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और आधिकारिक प्रसारणकर्ता के साथ सलाह-मशविरे के बाद मुकाबलों को कोलंबो में ही कराने का फैसला किया है. प्रसारणकर्ता ने भी इतने कम समय में सुदूर दक्षिणी जिले हंबनटोटा में अपने उपकरण और कर्मचारियों को स्थानांतरित करने में परेशानी का हवाला दिया है.

एसएलसी ने एशिया कप के सुपर चार चरण के पांच मुकाबलों और फाइनल के लिए वैकल्पिक स्थल के रूप में हंबनटोटा का नाम दिया था क्योंकि वहां पिछले कुछ हफ्तों में सूखा पड़ा है. सुपर चार के श्रीलंका चरण की शुरुआत भारत और पाकिस्तान के बीच 10 सितंबर को आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के साथ होगी. यह दूसरा मौका होगा जब भारत एशिया कप के मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान से भिड़ेगा.

दोनों टीम के बीच लीग मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था जिसमें भारत ने इशान किशन और हार्दिक पंड्या के अर्धशतक से सभी विकेट खोकर 266 रन बनाए थे. एसीसी ने भी मुकाबलों को पाल्लेकल या दाम्बुला स्थानांतरित करने के सुझाव पर कुछ समय के लिए विचार किया था लेकिन बाद में ऐसा नहीं करने का फैसला किया.

पाल्लेकल में भी भारी बारिश हो रही है जबकि दाम्बुला का रनगिरी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में नवीनीकरण का काम चल रहा है और वहां नई फ्लड लाइट लगाने के अलावा अन्य सुविधाओं पर काम हो रहा है. भारत के दोनों ग्रुप मैच बारिश से प्रभावित रहे हैं. शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच कैंडी के पाल्लेकल स्टेडियम में हुए मुकाबले में भारी बारिश के कारण एक ही पारी हो सकी थी जबकि सोमवार को नेपाल के खिलाफ भी भारत का मैच बारिश से प्रभावित रहा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu