
कोलंबो. रोहित शर्मा और शुभमन गिल के आक्रामक अर्धशतकों के दम पर भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप सुपर फोर मैच चरण के में रविवार को दो विकेट पर 147 रन बना लिये थे जब बारिश के कारण खेल रिजर्व दिन में कराने का फैसला लेना पड़ा .
यहां प्रेमदासा स्टेडियम में बारिश के कारण खेल रोके जाने तक भारत ने 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बनाए थे. मैच अब कल दोपहर तीन बजे यहीं से शुरू होगा . विराट कोहली और लोकेश राहुल क्रमश: आठ और 17 रन बनाकर खेल रहे हैं.
इसके मायने हैं कि कल खेलने के बाद भारतीय टीम को 24 घंटे से भी कम समय में सुपर फोर के अगले मैच में श्रीलंका से खेलना होगा .
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (56) और शुभमन गिल (58) अर्धशतक जड़ने के बाद पवेलियन लौटे. रोहित ने 49 गेंद में 56 रन बनाये जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे . वहीं गिल ने 52 गेंद की अपनी पारी में दस चौके जड़े . दोनों ने सिर्फ 100 गेंद में 121 रन जोड़े .
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने अतीत में रोहित को परेशान किया है लेकिन भारतीय कप्तान आज बेहतर तैयारी के साथ उतरे थे . उन्होंने अफरीदी को छक्का जड़ा और गिल ने भी उनका बखूबी साथ देते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों को खासी नसीहत दी . भारत ने पहले पावरप्ले में ही 61 रन बिना किसी नुकसान के बना लिये थे . यह बहुत कम होता है कि अफरीदी पावरप्ले में विकेट लेने में नाकाम रहे . नसीम शाह ने 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर रोहित को परेशान करने की कोशिश की लेकिन विकेट नहीं ले सके .
लेग स्पिनर शादाब खान का रोहित ने पहले दो ओवर में तीन छकके लगाकर स्वागत किया . शादाब ने ही हालांकि भारतीय कप्तान को फहीम अशरफ के हाथों लपकवाकर पवेलियन भेजा . वहीं अफरीदी ने गिल को धीमी लेग कटर पर सलमान आगा के हाथों लपकवाया . इसके बाद राहुल और कोहली ने विकेट संभालकर खेला .
इसके बाद भारी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा . अंपायरों ने सात बजे, साढे सात, आठ और साढे आठ बजे मैदान का मुआयना करने के बाद मैच कल पूरा कराने का फैसला किया. भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का ग्रुप मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया था. एशिया कप के श्रीलंका चरण में बारिश ने मुकाबलों में लगातार खलल डाला है. पूरे टूर्नामेंट के दौरान श्रीलंका की राजधानी में बारिश की भविष्यवाणी की गई है.
भारत-पाक मैच में एक बार फिर कम संख्या में स्टेडियम पहुंचे दर्शक
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच को रोमांचकारी बनाने वाला माहौल रविवार को यहां एशिया कप सुपर फोर मैच के दौरान नदारद था. सप्ताहांत होने के बावजूद दर्शक एक बार फिर सबसे र्चिचत क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता में से एक माने जाने वाले मुकाबले से दूर रहे. इसी तरह का माहौल पालेकल में खेले गये टूर्नामेंट के लीग मैच के दौरान भी दिखा था. पालेकल में निराशा मिलने के बाद आयोजकों को कोलंबो में स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के समर्थकों की अच्छी संख्या की उम्मीद है. इस शहर में इन दोनों देशों के प्रवासी बड़ी संख्या में रहते है. इन दोनों टीमों के बीच 2012 में टी 20 विश्व कप मैच के दौरान यहां का प्रेमदासा स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था. पिछले एक दशक में इसी तरह का माहौल मीरपुर , मेलबर्न , एडिलेड , दुबई , र्बिमंघम , लंदन और मैनचेस्टर के मैदान में दिखा था.
मैच में कोई वित्तीय हिस्सेदारी नहीं होने के बावजूद श्रीलंका क्रिकेट (एससीएल) के अधिकारियों को इस स्थिति से निराशा हुई. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) इस टूर्नामेंट का आधिकारिक मेजबान है. श्रीलंका क्रिकेट के एक अधिकारी ने कहा , ” बारिश नहीं हो रही है और हमें मैदान में बड़ी संख्या में दर्शकों की उम्मीद थी. टिकट अभी भी ऑफलाइन और ऑनलाइन उपलब्ध हैं. वास्तव में , टिकट दर में भी कटौती की गई है , लेकिन हमें अभी भी ज्यादा दर्शक नहीं दिख रहे है. ” श्रीलंका क्रिकेट ने भी भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच सहित सभी सुपर 4 मैचों के टिकटों की कीमत में कटौती के बारे में ट्वीट किया है.
प्रेमदासा स्टेडियम में सी और डी ‘ अपर ब्लॉक ‘ टिकटों की कीमत घटाकर 1000 श्रीलंकाई रुपये (एलकेआर) यानी लगभग 260 भारतीय रुपये कर दी गई है , जबकि सी और डी ‘ लोअर ब्लॉक ‘ टिकटों की कीमत अब एलकेआर 500 तय की गई है. कीमत में कटौती केवल सुपर फोर मैचों पर लागू है. फाइनल के लिए टिकटों के दम में कटौती नहीं होगी.
दर्शकों की कम संख्या के बारे में पूछे जाने पर एसएलसी अधिकारी ने कहा , ” हो सकता है कि बारिश के पूर्वानुमान के कारण लोग जोखिम नहीं लेना चाहते हो. शायद स्थानीय लोग इस मैच में रुचि नहीं ले रहे है. ” शनिवार को श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच हुए सुपर फोर मैच में भी स्टेडियम के कई हिस्से खाली थे.
पीसीबी के एक अधिकारी ने हालांकि यहां के स्थल चयन पर सवाल उठाया. अधिकारी ने पीटीआई से कहा , ” साल के इस समय में श्रीलंका में क्रिकेट मैच आयोजित करना कठिन है क्योंकि वहां अक्सर बारिश होती है. ” उन्होंने कहा कि कोलंबो से मैचों की हंबनटोटा स्थानांतरित करने की अटकलो के कारण भी लोगों ने टिकट नहीं खरीदा.



