ईरान ने ‘इमेजिंग सैटेलाइट’ को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करने का दावा किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Sep 2023 07:31 PM
ईरान ने ‘इमेजिंग सैटेलाइट’ को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करने का दावा किया
ऑडियो सुनें

तेहरान. ईरान ने बुधवार को दावा किया कि उसने एक ‘इमेजिंग सैटेलाइट’ को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित कर दिया है. इस कदम से पश्चिम देशों के साथ तनाव और बढ़ने की आशंका है, जिन्हें आशंका है कि ईरान इन उपग्रहों का इस्तेमाल परमाणु हथियार विकसित करने में कर सकता है.

सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ की खबर के अनुसार, ईरान के संचार मंत्री इसा जारेपुर ने कहा कि ‘नूर-3’ उपग्रह को पृथ्वी की सतह के ऊपर 450 किलोमीटर पर कक्षा में स्थापित किया गया है. इस प्रक्षेपण या उपग्रह को कक्षा में स्थापित किए जाने के बारे में पश्चिमी देशों के अधिकारियों ने तत्काल कोई पुष्टि नहीं की है. ईरान हाल के वर्षों में कई असफल प्रक्षेपण कर चुका है.

यह स्पष्ट नहीं है कि प्रक्षेपण कब किया गया. अमेरिकी सेना ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. जारेपुर ने कहा कि ईरान के अर्द्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ की अंतरिक्ष शाखा ने पूर्व में भी सफलतापूर्वक उपग्रह प्रक्षेपित किए हैं और उसने हाल में कई प्रक्षेपण किए. अधिकारियों ने प्रक्षेपण की तत्काल कोई तस्वीर जारी नहीं की है.

ईरान के नियमित सशस्त्र बलों के समानांतर रिवोल्यूशनरी गार्ड अपना खुद का अंतरिक्ष कार्यक्रम और सैन्य बुनियादी ढांचा संचालित करता है और यह सिर्फ सुप्रीम नेता अयातुल्ला अली खामेनी के प्रति जवाबदेह है. इसने अप्रैल 2020 में अपना पहला उपग्रह प्रक्षेपित किया था.

अमेरिका ने आरोप लगाया है कि ईरान का उपग्रह प्रक्षेपण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन है और उसने ईरान से परमाणु हथियार ले जाने की क्षमता रखने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों से संबंधित गतिविधियों से बचने को कहा है. ईरान ने हमेशा परमाणु हथियारों की बात से इनकार किया है और वह कहता रहा है कि उसका अंतरिक्ष कार्यक्रम उसकी परमाणु गतिविधियों की तरह पूरी तरह से असैन्य उद्देश्यों के लिए है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu