निकहत क्वार्टरफाइनल में, शिव थापा और संजीत एशियाई खेलों से बाहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Sep 2023 09:04 PM
निकहत क्वार्टरफाइनल में, शिव थापा और संजीत एशियाई खेलों से बाहर
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. दो बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज निकहत जरीन (50 किग्रा) ने बुधवार को यहां एशियाई खेलों के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया जबकि भारत के अनुभवी मुक्केबाज शिव थापा (63.5 किग्रा) और संजीत (92 किग्रा) एशियाई खेलों से बाहर हो गये.
निकहत ने महिला स्पर्धा दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया की चोरोंग बाक पर 5-0 से आसान जीत हासिल की. रिकॉर्ड छह बार एशियाई चैम्पियनशिप पदक जीतने वाले शिव आसान ड्रा का फायदा नहीं उठा सके और प्री क्वार्टरफाइनल में किर्गस्तिान के अस्कत कुलताएव से 0-5 से हार गये.

संजीत को विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता लाजिजबेक मुलोजोनोव से 0-5 से हार मिली. दिन में दो मुक्केबाजों को मिली हार के बाद निकहत के दबदबे भरे प्रदर्शन ने भारतीय शिविर के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी. निकहत ने पहले राउंड में बाक के खिलाफ लगातार मुक्के जड़कर शुरुआत की लेकिन प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज रिंग में चारों ओर घूमती रही जिससे भारतीय मुक्केबाज को थोड़ी मुश्किल हुई. लेकिन निकहत ने दूसरे राउंड में कुछ बायें हाथ के करारे मुक्के जड़कर बाक को कोई मौका नहीं दिया.

भारतीय मुक्केबाज ने पिछले मुकाबले की तरह इसमें भी तीसरे राउंड के लिए ऊर्जा बचाकर रखी और बाक को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी. शिव पदक दावेदारों में शामिल थे जिससे उनका हारना सभी के लिए निराशाजनक रहा. उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी लेकिन वह प्री क्वार्टरफाइनल में कुलताएव के लगातार मुक्कों और फुर्ती के सामने पस्त हो गये.

कुलताएव ने आक्रामक होकर मुक्के जड़े जिससे शिव ‘ऑफ गार्ड’ हो गये. इस भारतीय मुक्केबाज ने संभलने का प्रयास करते हुए ताकतवर हुक्स लगाये. लेकिन उनके प्रतिद्वंद्वी को अपनी लंबाई का फायदा मिला जिससे शिव को दूर से ही मुक्के लगाने पड़े और जजों ने कुलताएव को पहले राउंड में 4-1 अंक दिये. किर्गस्तिान के मुक्केबाज ने दूसरे राउंड में भी यही दबदबा जारी रखा और शिव को डिफेंसिव होना पड़ा जिससे असम का यह मुक्केबाज दूसरा राउंड भी गंवा बैठा.

तीसरे राउंड में शिव ने प्रयास करते हुए लगातार मुक्के जड़ने शुरु किये लेकिन कुलताएव ने पीछे होकर आराम से बचाव किया. संजीत के पास 2022 सुपर हेवीवेट एशियाई चैम्पियन के मुक्कों से बचने का कोई रास्ता नहीं था जिससे वह रक्षात्मक होकर खेले. एक बार वह मुलोजोनोव के मुक्के से संतुलन खो बैठे. दोनों मुक्केबाजों के बीच अंतर साफ दिख रहा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu