उत्तर कोरिया की सीमा में घुसने वाले अमेरिकी सैनिक के स्वदेश लौटने का वीडियो सामने आया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Sep 2023 07:19 PM
उत्तर कोरिया की सीमा में घुसने वाले अमेरिकी सैनिक के स्वदेश लौटने का वीडियो सामने आया
ऑडियो सुनें

सैन एंटोनियो. उत्तर कोरिया की सीमा में दौड़ते हुए प्रवेश करने वाले एक अमेरिकी सैनिक की स्वदेश वापसी दर्शाते एक वीडियो सामने आया है. उत्तर कोरिया में यह घटना दो महीने पहले हुई थी. उत्तर कोरिया ने बुधवार को घोषणा की थी कि वह अमेरिकी सैनिक ट्रैविस किंग (23) को निष्कासित करेगा.

दक्षिण कोरिया से लगी कड़ी पहरेदारी वाली सीमा को दो महीने पहले पार कर उत्तर कोरिया में प्रवेश करने वाला अमेरिकी सैनिक बृहस्पतिवार को वापस अमेरिका पहुंच गया. एक स्थानीय समाचार चैनल पर जारी एक वीडियो में यह देखा जा सकता है. अधिकारियों ने कहा कि किंग का स्वास्थ्य अच्छा है, और फिलहाल उसकी देखभाल करने तथा अमेरिकी समाज में उसके पुन: घुलने-मिलने पर ध्यान दिया जा रहा है.

किंग 18 जुलाई को एक सीमावर्ती गांव के दौरे के दौरान उत्तर कोरिया की सीमा में प्रवेश कर गया था. इस तरह वह करीब पांच साल में इस देश में हिरासत में लिये जाने वाला पहला अमेरिकी था. समझा जाता है कि वह मारपीट के एक मामले में दोषी करार दिये जाने पर दक्षिण कोरिया की एक जेल से रिहा होने के बाद टेक्सास के फोर्ट ब्लिस की ओर जा रहा था. अमेरिकी सेना ने आधिकारिक छुट्टी के बगैर उसके अनुपस्थित रहने की घोषणा की थी.

व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा था कि किंग की रिहाई स्वीडन और चीन के सहयोग से हो पाई. किंग को टेक्सास के सैन एंटोनियो में एक विमान से उतरते देखा गया. वह आम नागरिक की पोशाक में नजर नजर आया. उन्होंने वहां इंतजार कर रहे लोगों से संक्षिप्त बातचीत की और एक इमारत की ओर बढ़ने से पहले एक व्यक्ति से हाथ मिलाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu