भारतीय पुरुष और महिला स्क्वाश टीम ने भारत के लिए पदक पक्के किये

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Sep 2023 08:01 PM
भारतीय पुरुष और महिला स्क्वाश टीम ने भारत के लिए पदक पक्के किये
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. भारतीय पुरुष और महिला स्क्वाश टीम ने गुरुवार को यहां अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर एशियाई खेलों में पदक पक्के किये. पुरुष टीम ने पूल के अंतिम मुकाबले में नेपाल को 3-0 से शिकस्त दी जबकि महिला टीम ने मलेशिया के खिलाफ अपने अंतिम पूल बी मैच में 0-3 की एकतरफा हार के बावजूद सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का किया.

दोनों टीमों ने अपने अपने पूल में शीर्ष दो स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई और अपने पदक पक्के किए. स्क्वाश में सेमीफाइनल में हारने वालों को भी कांस्य पदक मिलता है. पुरुषों की टीम स्पर्धा में अभय सिंह ने अमृत थापा मागर को 17 मिनट में 11-2, 11-4, 11-1 से मात दी.

दूसरे मैच में महेश मंगावंकर ने भी 17 मिनट में जीत हासिल की, उन्होंने अरहंत केशर सिम्हा को 11-2, 11-3, 11-3 से हराया.
हरिंदर पाल सिंह संधू ने फिर आमिर भलोन पर महज 12 मिनट में 11-1, 11-2, 11-6 से जीत हासिल की. भारतीय महिला टीम के लिए सबसे पहले जोशना चिनप्पा उतरीं जिन्हें सिर्फ 21 मिनट में मलेशिया की सुब्रमण्यम सिवसंगारी के खिलाफ 6-11, 2-11, 8-11 से हार का सामना करना पड़ा.

दूसरे मुकाबले में तन्वी खन्ना को 2-1 की बढ़त बनाने के बावजूद राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता एइफा बिंटी अजमान के खिलाफ 9-11, 11-1, 7-11, 13-11, 11-5 से हार झेलनी पड़ी. मुकाबले के अंतिम मैच में 15 साल की अनाहत सिंह को मलेशिया की राशेल मेइ के खिलाफ 7-11, 7-11, 12-14) से हार मिली. भारतीय महिला टीम ने इससे पूर्व अपने शुरुआती तीन मुकाबलों में पाकिस्तान, नेपाल और मकाऊ को 3-0 के समान अंतर से हराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu