निशांत, जैस्मिन क्वार्टर फाइनल में, दीपक का सफर खत्म

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Sep 2023 08:39 PM
निशांत, जैस्मिन क्वार्टर फाइनल में, दीपक का सफर खत्म
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज दीपक भोरिया का एशियाई खेलों में अभियान निराशाजनक तरीके से समाप्त हुआ जबकि निशांत देव और जैस्मीन लंबोरिया ने गुरुवार को यहां क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया. राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैस्मिन लंबोरिया ने महिला 60 किग्रा वर्ग में सऊदी अरब की हदील गजवान अशोर को आरएसी (रैफरी ने मुकाबला रोका) से हरा दिया.

वहीं 2023 विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता निशांत (71 किग्रा) को राउंड 16 मुकाबले में वियतनाम के बुई फुओक टुंग को नॉकआउट करने में दो मिनट (पहले ही राउंड में) से भी कम समय लगा. दीपक (51 किग्रा) को 2021 बैंथमवेट विश्व चैम्पियन जापान के तोमोया सुबोई से 1-4 से हार मिली. हिसार के इस 26 वर्षीय मुक्केबाज को मुश्किल ड्रा मिला और उन्हें शुरु में ही जापान के मुक्केबाज से भिड़ना पड़ा. जापान के मुक्केबाज ने जबरदस्त दबदबा बनाते हुए दीपक को पराजित किया.

इससे पहले अपने पहले एशियाई खेलों में हिस्सा ले रही जैस्मिन ने पांच मिनट से भी कम समय में हदील को हरा दिया. पहले दौर में जैस्मिन को बाई मिली थी और हदील के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने अपने दमदार मुक्कों से पूरी तरह दबदबा बनाया. रैफरी ने सऊदी अरब की मुक्केबाज को दो ‘स्टैंडिंग काउंट’ दिए और फिर दूसरे दौर के मुकाबले को रोक दिया. जैस्मिन अब ओलंपिक कोटा और इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पदक जीतने से सिर्फ एक जीत दूर है.

क्वार्टर फाइनल में जैस्मिन को उत्तर कोरिया की वो उनग्योंग से भिड़ना है. महिलाओं के 50 किग्रा, 54 किग्रा, 57 किग्रा और 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल जबकि 66 किग्रा और 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाने वाली मुक्केबाज पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी. पुरुष वर्ग में सात वजन वर्गों से स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को ओलंपिक कोटा मिलेगा. निशांत को अगर पेरिस कोटा हासिल करना है तो उन्हें फाइनल में पहुंचना होगा. वह हालांकि पदक हासिल करने से महज एक जीत दूर हैं. अब वह क्वार्टरफाइनल में जापान के एसक्यूएम ओकाजावा के सामने होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu