भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 6-0 से रौंदा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Sep 2023 07:24 PM
भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 6-0 से रौंदा
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को यहां एशियाई खेलों में अपना दबदबा कायम करते हुए मलेशिया को 6-0 से शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की. भारतीय टीम ने पूल ए के इस मैच के शुरुआती क्वार्टर में ही चार गोल दाग कर मलेशिया पर दबाव बना दिया.

मोनिका (सातवें मिनट) ने भारत का खाता खोला जिसके बाद उप-कप्तान दीप ग्रेस एक्का (आठवें), नवनीत कौर (11वें), वैष्णवी विट्ठल फाल्के (15वें), संगीता कुमारी (24वें) और लालरेम्सियामी (50वें) ने भी गोल किये. सिंगापुर पर 13-0 की जीत के बाद आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम अपनी लय बरकरार रख कर पूरे मैच के दौरान मलेशिया पर हावी रही.

मोनिका ने सातवें मिनट में मैदानी गोल करके भारत का खाता खोला जबकि दीप ग्रेस ने एक मिनट के बाद पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर टीम की बढ.त को दोगुना कर दिया. मैच के 10वें मिनट में लालरेमसियामी का शॉट गोल पोस्ट के बाहर से निकल गया. इसके एक मिनट के बाद दीप ग्रेस रिवर्स शॉट लगाने में विफल रही लेकिन नवनीत के सर्कल के अंदर शानदार खेल के दम पर भारतीय टीम को 3-0 से आगे कर दिया.

टीम को 15वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और वैष्णवी ने इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की. संगीता ने मैच के 24वें मिनट में भारतीय टीम को 5-0 से आगे कर दिया. नेहा गेंद को लेकर डी के अंदर पहुंची और उन्होंने गेंद संगीता को दे दी. संगीता ने रिवर्स हिट से गोल कर दिया.

टीम को 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन दीपिका के प्रयास पर मलेशिया की गोलकीपर एबी मशिताह ने बेहतरीन बचाव किया. मध्यांतर से पहले भारत को एक और ऐसा मौका मिला लेकिन टीम ने इसे भी जाया कर दिया. मध्यांतर के बाद मलेशिया की टीम ने अपने खेल में काफी सुधार किया. टीम ने अपना रक्षण मजबूत करने के साथ भारत के खिलाफ आक्रमण को तेज किया.

मैच के 38वें मिनट में दीपिका ने रिवर्स हिट पर गोल किया लेकिन वीडियो अंपायर ने इसे खारिज कर दिया क्योंकि शॉट लगाते समय वह र्सिकल से बाहर थी. इसके बाद टीम को एक के बाद एक कई पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन उसने सभी मौके गंवा दिये. मैच के 50 मिनट में लालरेमसियामी के मैदानी गोल ने भारतीय टीम को 6-0 से आगे कर दिया. भारत के पास इसके बाद इस बढ.त को बढाने का मौका था. टीम ने दो पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किये लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ. भारतीय टीम अपने अगले पूल मैच में रविवार को कोरिया का सामना करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu