किरण ने कांसा जीतकर भारत को हांगझोउ एशियाड में एथलेटिक्स में पहला पदक दिलाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Sep 2023 10:28 PM
किरण ने कांसा जीतकर भारत को हांगझोउ एशियाड में एथलेटिक्स में पहला पदक दिलाया
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. किरण बालियान शुक्रवार को यहां एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुरुआती दिन कांस्य पदक जीतकर 72 वर्षों में एशियाई खेलों की गोला फेंक स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गयीं. किरण (24 वर्ष) ने दिन के अपने सर्वश्रेष्ठ तीसरे प्रयास में 17.36 मीटर दूर गोला फेंककर भारत का एथलेटिक्स में खाता खोला.

किरण इस तरह एशियाई खेलों में महिलाओं की गोला फेंक स्पर्धा में बारबरा वेबस्टर के बाद पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय बन गयीं. मुंबई की एंग्लो-इंडियन बारबरा ने 1951 में नयी दिल्ली में एशियाड के पहले चरण में कांस्य पदक जीता था. किरण ने 10 सितंबर को चंडीगढ. में इंडियन ग्रां प्री 5 में 17.92 मीटर दूर गोला फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था जो उनका सत्र का और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है.

किरण ने कहा, ”मैं इतिहास नहीं जानती (1951 के बाद एशियाड में पदक जीतने वाली पहली महिला गोला फेंक एथलीट बनना). मेरा ध्यान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर लगा था. मैं ऐसा नहीं कर सकी और मैं अपने प्रदर्शन से खुश नहीं हूं. लेकिन मैंने पदक जीता, इससे मैं खुश हूं. ” इस स्पर्धा में दूसरी भारतीय मनप्रीत कौर 16.25 मीटर के थ्रो से पांचवें स्थान पर रहीं.

महिलाओं की 400 मीटर रेस में हिमांशी मलिक अपनी हीट में पांचवें स्थान पर रहीं जिससे वह फाइनल्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं. उन्होंने हीट 3 में 57.82 सेकेंड का समय निकाला जो चंडीगढ. में इंडियन ग्रां प्री 5 के 57.59 सेकेंड के समय से भी खराब था.
वह घुटने पर पट्टी बांधकर दौड़ रही थी जिससे उनके चोटिल होने की बातें भी शुरु हो गयीं कि उन्हें एशियाड टीम से बाहर रखा जा सकता था. उन्होंने जून में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैम्पियनशिप में 51.76 सेकेंड से सत्र का और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था जिससे वह दूसरे स्थान पर रही थीं और उनका समय इससे छह सेकेंड ज्यादा रहा.

दिलचस्प बात है कि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने दिन के शुरु में एक वीडियो अपलोड किया था जिसमें हिमांशी ने कहा, ”मैं आज एशियाड में 400 मीटर दौड़ में हिस्सा लूंगी और उम्मीद करती हूं कि अच्छा प्रदर्शन करूंगी. ” दिन में अन्य भारतीयों में ऐश्वर्या मिश्रा ने हीट 1 में 52.73 सेकेंड से सत्र के सर्वश्रेष्ठ समय से दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया.

पुरुषों की 400 मीटर रेस में मोहम्मद अजमल ने अपनी हीट में 45.76 सेकेंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया. वहीं मोहम्मद अनस याहिया अपनी हीट में 46.29 सेकेंड के समय से तीसरे स्थान पर रहे जिससे वह क्वालीफाई नहीं कर सके. प्रत्येक हीट से पहले दो एथलीट और तीन हीट में अगले दो सबसे तेज समय निकालने वाले एथलीट फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं.

महिलाओं की तार गोला फेंक स्पर्धा के फाइनल में तान्या चौधरी (60.50 मीटर) और रचना कुमारी (58.13 मीटर) क्रमश: सातवें और नौवें स्थान पर रहीं. सुबह के सत्र के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी प्रियंका गोस्वामी महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल में पांचवें स्थान पर रहीं. उन्होंने एक घंटा 43 मिनट और सात सेकेंड का समय निकाला. उनका सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1:28:50 सेकेंड और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1:28:45 सेकेंड है. पुरुषों की 20 किमी स्पर्धा में विकास सिंह 1:27:33 सेकेंड के समय से पांचवें स्थान पर रहे.
इसमें एक अन्य भारतीय संदीप सिंह रेस के दौरान ‘डिस्क्वालीफाई’ हो गये.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu