सिंधू, प्रणय और श्रीकांत एशियाई खेलों के प्री क्वार्टर फाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Oct 2023 08:39 PM
सिंधू, प्रणय और श्रीकांत एशियाई खेलों के प्री क्वार्टर फाइनल में
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी एच एस प्रणय, किदांबी श्रीकांत और पी वी सिंधू ने मंगलवार को यहां एशियाई खेलों में एकल वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय ने मंगोलिया के बत्दावा मुंखबात को 21-9, 21-12 से हराया. प्रणय कमर की चोट के कारण पुरूष टीम चैम्पियनशिप फाइनल नहीं खेल सके थे. अब उनका सामना कजाखस्तान के दमित्री पानारिन से होगा.

श्रीकांत ने कोरिया के ली युन ग्यु पर 21-16, 21-11 से जीत दर्ज की. उनका अगला मुकाबला जापान के दूसरे वरीय कोडाई नरूका से होगा. पूर्व विश्व चैम्पियन सिंधू ने दुनिया की 21वें नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपै की वी चि सू को 21-10, 21-15 से हराया . अब उनका सामना इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वरदानी से होगा .

अस्मिता चालिहा हालांकि आगे बढ़ाने में नाकाम रही. उन्हें इंडोनेशिया की विश्व में सातवें नंबर की खिलाड़ी ग्रेगोरिया मारिस्का टुनजुंग ने 35 मिनट तक चले मुकाबले में 17-21, 16-21 से हराया. त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की 17वें नंबर की जोड़ी ने अमिनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक और फातिमाथ नबाहा अब्दुल रज्जाक को 21-14, 21-12 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की.

उनका अगला मुकाबला किम सो येओंग और कोंग ही योंग की तीसरी वरीयता प्राप्त कोरियाई जोड़ी से होगा. तनीषा क्रैस्टो और अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी भी मालदीव की अपनी प्रतिद्वंदियों के आधे मैच से हट जाने के बाद दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रही. उनका अगला मुकाबला चीन की झांग शू जियान और झेंग यू से होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu