कैच टपकाने वाले मुजीब से मैक्सवेल को कोई सहानुभूति नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Nov 2023 10:37 PM
कैच टपकाने वाले मुजीब से मैक्सवेल को कोई सहानुभूति नहीं
ऑडियो सुनें

मुंबई. ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान के प्रति कोई सहानुभूति नहीं है जिन्होंने यहां विश्व कप मुकाबले में नाबाद 201 रन की उनकी बेजोड़ पारी की शुरुआत में उनका कैच टपकाया था. शॉर्ट फाइन लेग पर क्षेत्ररक्षण कर रहे मुजीब ने नूर अहमद की गेंद पर मैक्सवेल का बेहद आसान कैच छोड़ दिया जब वह 33 रन बनाकर खेल रहे थे.

ऑस्ट्रेलिया 91 रन सात विकेट गंवाने के बाद बड़ी हार की ओर बढ. रहा था लेकिन मैक्सवेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को तीन विकेट से जीत दिलाई. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट की मौजूदगी में मैक्सवेल ने ‘क्लब प्रेरी फायर’ पॉडकास्ट पर कहा, ”मैंने सोचा कि इसके लिए उन्हें लगभग 30 (रन) का और नुकसान हो सकता है. मुझे उसके प्रति कोई सहानुभूति नहीं है क्योंकि मुझे ऐसा लगता है कि मैंने ऐसा कई बार किया है, जहां मुझे मौके मिले और मैंने उनका फायदा नहीं उठाया.”

उन्होंने कहा, ”लंबे समय में शायद पहली बार मैंने वास्तव में एक मौके का भरपूर फायदा उठाया है.” मैक्सवेल ने कहा, ”जब आपको कुछ मौके मिलते हैं तो बल्लेबाजी करना आसान होता है, क्या ऐसा नहीं है.” मैक्सवेल ने इसके अलावा डीआरएस की सहायता से पगबाधा के फैसले को भी पलटवाया. मैक्सवेल ने 128 गेंद में 21 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 201 रन बनाए और उन्होंने एशियाई टीमों के खिलाफ खेलने के अपने अनुभव का अधिकतम उपयोग किया.

उन्होंने कहा, ”पहले 15 से 20 ओवरों में उनमें जो ऊर्जा थी वह असाधारण थी और हमने उनमें यह बहुत कुछ देखा है.” मैक्सवेल ने कहा, ”मैंने कई उपमहाद्वीपीय टीमों के खिलाफ खेला है और एक चीज जो मैंने हमेशा पाई है कि अगर आप खेल को थोड़ा धीमा कर दो, रन बनाकर नहीं बल्कि सिर्फ वहां टिककर खड़े होकर, कुछ ओवरों में एक या दो शॉट खेलते रहो और आप देख सकते हैं कि यह कितना सपाट होना शुरू हो जाता है.”

उन्होंने कहा, ”इसके बाद थोड़ी अंदरूनी लड़ाई, एक दूसरे पर अंगुली उठाना शुरू कर देते हैं, क्षेत्ररक्षक ध्यान नहीं देते हैं, मैंने ऐसा होते देखा है.” मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के साथ आठवें विकेट की अटूट साझेदारी में रिकॉर्ड 202 रन जोड़े. कमिंस ने 68 गेंद में सिर्फ 12 रन बनाए लेकिन एक छोर पर चट्टान की तरह डटे रहे. मैक्सवेल ने कहा, ”यह कहने की जरूरत नहीं है लेकिन पैट आपके नेतृत्वकर्ता के रूप में एक शानदार व्यक्ति है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu