गुरकीरत सिंह मान ने अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रिकेट से संन्यास लिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 Nov 2023 07:57 PM
गुरकीरत सिंह मान ने अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रिकेट से संन्यास लिया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. ऑस्ट्रेलिया के 2016 के दौरे में भारत की तरफ से तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलने वाले गुरकीरत सिंह मान ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की. गुरकीरत ने भारत की तरफ से इन मैचों में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने के अलावा ऑफ स्पिनर के रूप में 10 ओवर भी किए थे.

पंजाब की टीम में अंदर बाहर होने और 2020 से आईपीएल में नहीं खेल पाने के कारण गुरकीरत ने संन्यास लेने का फैसला किया.
गुरकीरत ने इंस्टाग्राम पर लिखा,”आज का दिन मेरी अविश्वसनीय क्रिकेट यात्रा का अंतिम दिन है. भारत का प्रतिनिधित्व करना सम्मान और सौभाग्य की बात रही है. मेरा सहयोग करने के लिए मैं अपने परिवार, मित्रों, कोच और साथी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करता हूं. आप सभी ने मेरे करियर में अहम भूमिका निभाई.” उन्होंने 2011 में सी के नायडू ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करके लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था. इसके बाद उन्होंने 2015-16 में रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन खेल दिखाया था और तब एक दोहरा शतक भी जड़ा था.

वनडे में पदार्पण करने से पहले उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला के लिए टेस्ट टीम में भी शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें पदार्पण करने का मौका नहीं मिला. आईपीएल में वह पंजाब किंग्स, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेले. वह 2022 में खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा थे लेकिन तब उन्होंने कोई मैच नहीं खेला था. आईपीएल में उन्होंने 41 मैचों में 121 की स्ट्राइक रेट से 511 रन बनाए. पंजाब की तरफ से हाल में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एक मैच खेला था. भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब गुरकीरत विदेशी टी20 लीग में अपनी किस्मत आजमाने की कोशिश कर सकते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu