ऑस्ट्रेलिया के तीसरी डिविजन क्लब के क्रिकेटर ने छह गेंद में लिए छह विकेट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Nov 2023 07:30 PM
ऑस्ट्रेलिया के तीसरी डिविजन क्लब के क्रिकेटर ने छह गेंद में लिए छह विकेट
ऑडियो सुनें

गोल्ड कोस्ट, 13 नवंबर (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के तीसरे डिविजन के क्लब के क्रिकेटर गैरेथ मोर्गन ने यहां स्थानीय मैच के दौरान छह गेंद में छह विकेट चटकाए जिससे उनकी टीम जीत दर्ज करने में सफल रही.
मुदगीराबा नेरांग एंड डि्ट्रिरक्ट्स क्रिकेट क्लब के कप्तान मोर्गन ने शनिवार को गोल्ड कोस्ट के प्रीमियर लीग लीग डिविजन तीन प्रतियोगिता में सरफर्स पैराडाइज के खिलाफ छह गेंद में छह विकेट चटकाकर अपनी टीम को चार रन से जीत दिलाई.
सरफर्स पैराडाइज ने 40 ओवर के मैच में 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम ओवर से पहले चार विकेट पर 174 रन बना लिए थे.
मोर्गन ने हालांकि मैच की अंतिम छह गेंद पर छह विकेट चटकाकर अपनी टीम को चार रन से जीत दिला दी. सरफर्स के अंतिम पांच बल्लेबाज पहली गेंद पर खाता खोले बिना आउट हुए और टीम 174 रन पर सिमट गई.
‘एबीसी.नेट.एयू’ के अनुसार अंतिम ओवर की पहली चार गेंद पर बल्लेबाजों ने कैच थमाए जबकि अंतिम दो बल्लेबाज बोल्ड हुए. मोर्गन ने सात ओवर में 16 रन देकर सात विकेट चटकाए.
मोर्गन मुदगीराबा की पारी के दौरान 39 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर भी रहे.
‘एबीसी’ के अनुसार पेशेवर क्रिकेट में एक ओवर में सर्वाधिक विकेट चटकाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नील वैगर (2011 में वेलिंगटन के खिलाफ ओटैगो की ओर से), बांग्लादेश के अल अमीन हुसैन (2013 में अबहानी लिमिटेड के खिलाफ यूसीबी-बीसीबी एकादश की ओर से) और भारत के अभिमन्यु मिथुन (2019 में हरियाणा के खिलाफ कर्नाटक की ओर से) के नाम दर्ज है जिन्होंने एक ओवर में पांच विकेट चटकाए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu