प्रणय दूसरे दौर में हारे, जापान मास्टर्स में भारतीय चुनौती समाप्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 Nov 2023 09:01 PM
प्रणय दूसरे दौर में हारे, जापान मास्टर्स में भारतीय चुनौती समाप्त
ऑडियो सुनें

कुमामोतो. भारतीय शटलर एचएस प्रणय गुरुवार को यहां दूसरे दौर के संघर्ष पूर्ण मुकाबले में चीनी ताइपे के चोउ टीएन चेन से हार कर बाहर हो गए, जिससे जापान मास्टर्स से सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती भी समाप्त हो गई. एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता प्रणय ने पहला गेम जीता लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और विश्व में 12वें नंबर के खिलाड़ी चेन से 73 मिनट तक चले पुरुष एकल के मैच में 21-19 16-21 19-21 से हार कर बाहर हो गए. इस टूर्नामेंट में भाग ले रहे भारत के अन्य खिलाड़ी पहले दौर से आगे बढ़ाने में नाकाम रहे थे.

विश्व में आठवें नंबर के भारतीय खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत की और पहले गेम के इंटरवल के समय वह 11-8 आगे थे. उन्होंने इसके बाद भी अपनी बढ़त बरकरार रखकर पहला गेम अपने नाम किया. चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने दूसरे गेम में 5-0 से बढ़त बनाकर अच्छी शुरुआत की. प्रणय ने हालांकि अच्छी वापसी करके स्कोर 10 -10 से बराबर कर दिया. चेन ने इसके बाद लगातार चार अंक बनाए और फिर दूसरा गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया.

चेन ने तीसरे और निर्णायक गेम में शानदार शुरुआत की तथा एक समय वह 12-4 से आगे थे. प्रणय ने हार नहीं मानी और स्कोर 19-19 से बराबर कर दिया. चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने हालांकि लगातार दो अंक बनाकर मैच अपने नाम किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu