निकारागुआ की शेन्निस पलासियोस बनीं ‘मिस यूनिवर्स 2023’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Nov 2023 08:26 PM
निकारागुआ की शेन्निस पलासियोस बनीं ‘मिस यूनिवर्स 2023’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मध्य अमेरिकी देश निकारागुआ की शेन्निस पलासियोस ने वर्ष 2023 का ‘मिस यूनिवर्स’ का ताज अपने नाम किया है. इस अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में उनके देश की यह पहली जीत है. ‘मिस यूनिवर्स’ प्रतियोगिता का 72वां संस्करण शनिवार रात अल साल्वाडोर के सैन साल्वाडोर में जोस एडोल्फो पिनेडा एरिना में आयोजित किया गया.

इस कार्यक्रम में मिस थाईलैंड एन्टोनिया पोर्सल्डि पहली ‘रनर-अप’ और मिस ऑस्ट्रेलिया मोरया विल्सन दूसरी ‘रनर-अप’ रहीं.
‘मिस यूनिवर्स’ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर यह जानकारी साझा की. ‘मिस यूनिवर्स’ ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट साझा किया. इस पोस्ट में कहा गया, ”मिस यूनिवर्स 2023 शेन्निस पलासियोस हैं.” पलासियोस को अमेरिका की आर’बोनी गेब्रियल ने ताज पहनाया, जिन्होंने वर्ष 2022 का मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था.

निकारागुआ की 23 वर्षीय पलासियोस मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कार्यकर्ता और दृश्य-श्रव्य कार्यक्रमों की निर्माता हैं. मिस यूनिवर्स संगठन द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए पोस्ट में कहा गया, ”वह आमतौर पर कैमरे के पीछे रहना पसंद करती हैं लेकिन वह अब पर्दे से बाहर आ गई हैं. वह दुनिया में जितना संभव हो उतनी समस्याओं का समाधान ढूंढ.ने में विश्वास करती हैं.”

पोस्ट में कहा गया, ”वह ऐसे देश से हैं जहां इस विषय पर शायद ही चर्चा होती है. उन्होंने ‘अंडरस्टैंड योर माइंड’ नाम से एक पहल शुरू की जिसमें वह अपने टेलीविजन कार्यक्रम में भावनात्मक देखभाल पर एक विशेषज्ञ से साक्षात्कार करती हैं. उन्होंने इस विषय पर कार्यक्रम और अन्य दृश्य-श्रव्य योजनाएं भी तैयार की हैं.”

मिस यूनिवर्स संगठन ने कहा, ”उनके जीवन का लक्ष्य समाचार और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के लिए सामग्री और विज्ञापनों का निर्माण करके मानवता की सेवा में काम करना है. अपने खाली समय में वह बिल्लियों और कुत्तों का बचाव करती हैं. उन्हें मानसिक खेलों के साथ पहेलियां सुलझाना पसंद हैं.” पलासियोस ने ‘मिस इंडिया’ श्वेता शारदा सहित 83 अन्य देशों की प्रतिभागियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए यह खिताब अपने नाम किया. भारत की श्वेता शारदा शीर्ष 20 प्रतियोगियों की सूची में जगह बनाने में सफल रहीं.
आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल ‘मिस दिवा’ ने सौंदर्य प्रतियोगिता में श्वेता शारदा के प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी.

इसने पोस्ट में कहा, “जिस क्षण हमारी लिवा मिस दिवा यूनिवर्स 2023 श्वेता शारदा को शीर्ष 20 में चुना गया तो राष्ट्र को आपके प्रतिनिधित्व पर गर्व हुआ. हम बहुत सारे प्यार के साथ आपका स्वागत करने के लिए बेताब हैं. हमारे राष्ट्रीय ध्वज को ऊंचा उठाने के लिए धन्यवाद ‘श्वेता’.” पहली बार ‘मिस यूनिवर्स पाकिस्तान 2023’ का ताज पहनने वाली एरिका रॉबिन ने भी शीर्ष 20 सुंदरियों में जगह बनाई. समारोह में अमेरिकी गायक-गीतकार जॉन लीजेंड ने अपने लोकप्रिय गीत ‘ऑल ऑफ मी’ की प्रस्तुति दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu