पैरा एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप: सरिता को कांस्य पदक, शीतल और प्रकाश स्वर्ण पदक की दौड़ में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Nov 2023 07:16 PM
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. राकेश कुमार और शीतल देवी ने सोमवार को यहां पैरा एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप में अपनी स्पर्धाओं के फाइनल में पहुंचकर कम से कम दो रजत पदक पक्के किए जबकि सरिता देवी ने कांस्य पदक जीता. सरिता ने महिला कंपाउंड ओपन वर्ग के कांस्य पदक के ऑल इंडियन मुकाबले में ज्योति बालियान को 139-135 से हराया.

पैरा एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता शीतल ने इससे पहले सरिता को सेमीफाइनल में 143-138 से हराकर महिला कंपाउंड ओपन वर्ग के स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाई. शीतल फाइनल में सिंगापुर की नूर सयाहिदाह से भिड़ेंगी जिन्होंने सेमीफाइनल में ज्योति को 150-138 से शिकस्त दी.

राकेश ने भी पुरुष कंपाउंड ओपन फाइनल में जगह बनाकर कम से कम रजत पदक सुनिश्चित किया. राकेश ने अंतिम चार के मुकाबले में जापान के युया ओइ को 143-142 से हराया. भारत 23 नवंबर से यहां शुरू हो रही क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के जरिए पेरिस पैरालंपिक के अपने छह कोटा (चार कंपाउंड और दो रिकर्व) में इजाफा करने की कोशिश करेगा.

भारत हालांकि रिकर्व वर्ग में पदक जीतने में नाकाम रहा जब तोक्यो पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता हरविंदर सिंह प्री क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गए. हरविंदर को पुरुष रिकर्व वर्ग में जापान के तोमोहिरो उएयामा के खिलाफ शूट ऑफ में 5-6 से शिकस्त झेलनी पड़ी. विवेक चिकारा को अंतिम आठ के मुकाबले में चीन के दूसरे वरी जुन गेन के खिलाफ 2-6 से हार का सामना करना पड़ा. महिला रिकर्व वर्ग में दूसरी वरीय पूजा क्वार्टर फाइनल में एकतरफा मुकाबले में मंगोलिया की सेलेंगी डेम्बेरेल से 0-6 से हार गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu