यह असंभव है कि भारत जैसा देश विश्व फुटबॉल मानचित्र पर नहीं हो: वेंगर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Nov 2023 07:25 PM
यह असंभव है कि भारत जैसा देश विश्व फुटबॉल मानचित्र पर नहीं हो: वेंगर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. महान कोच आर्सीन वेंगर का कहना है कि ‘बहुत कम समय में’ भारतीय फुटबॉल को विकसित करना ‘संभव’ है और वह इस एशियाई देश की भागीदारी के बिना इस खेल के विकास की कल्पना नहीं कर सकते. आर्सेनल के पूर्व मैनेजर के उत्साहवर्धक शब्द मंगलवार को कतर के खिलाफ भारतीय टीम के विश्व कप क्वालीफायर से पहले आए हैं.

वर्तमान में फीफा के वैश्विक फुटबॉल विकास प्रमुख वेंगर ने सोमवार को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) मुख्यालय का दौरा किया और देश भर की चुनिंदा अकादमियों के प्रमुखों के समूह के साथ बातचीत की. वेंगर ने कहा, ”मैं कहूंगा कि मैं हमेशा भारत से आर्किषत रहा हूं. मेरा लक्ष्य दुनिया में फुटबॉल को बेहतर बनाना है. और यह असंभव है कि 1.4 अरब की आबादी वाला भारत जैसा देश फुटबॉल के विश्व मानचित्र पर नहीं हो.”

उन्होंने कहा, ”मेरा मानना है कि आपके पास काफी बुनियादी ढांचा और प्रतिभा है जो मुझे इस बात को लेकर बहुत आशावादी बनाते हैं कि आप यहां क्या कर सकते हैं.” वेंगर ने कहा, ”अपनी टीम के साथ हम वास्तव में इस देश को खेल में विकसित करने में मदद करने के लिए अत्यधिक प्रेरित हैं. मुझे विश्वास है कि यह बहुत ही कम समय में संभव है.” वेंगर ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे एक अच्छी प्रतिभा विकास योजना देश में खेल का चेहरा बदल सकती है. उन्होंने कहा, ”मैं 1995 में जापान के फुटबॉल की शुरुआत के दौरान वहां था और 1998 में वे विश्व कप में थे. तो इसका मतलब है कि यह संभव है. आपको जल्दी शुरुआत करनी होगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu