इस्लामाबाद. पाकिस्तान में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद चार लाख से ज्यादा अफगान नागरिक अपने देश लौट चुके हैं. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अफगानिस्तान में तालिबान नीत सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने संख्या की पुष्टि करते हुए द एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया कि ज्यादातर लोग तोरखम और स्पिन बोलदक की सीमा को पार कर घर लौट रहे हैं.
पाकिस्तान में जब अधिकारियों ने राष्ट्रव्यापी कार्रवाई की घोषणा की तो उस समय अनुमानित 17 लाख अफगान लोग देश में रह रहे थे. अधिकारियों ने बिना दस्तावेज के रहे रहे लोगों को 31 अक्टूबर तक देश छोड़ने या फिर गिरफ्तारी का आदेश दिया था. पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा था कि शरणार्थी के रूप में पंजीकृत 14 लाख अफगान लोगों को डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह कार्रवाई बिना दस्तावेजों के रह रहे लोगों के खिलाफ की जा रही है. अफगानिस्तान में तालिबान नीत प्रशासन ने कहा कि वे लौटने वाले लोगों को आश्रय और भोजन मुहैया करा रहे हैं.