चीन के प्रधानमंत्री ली भारत के न्योते पर जी20 नेताओं के ‘वर्चुअल’ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 Nov 2023 07:22 PM
ऑडियो सुनें

बीजिंग. चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग भारत के न्योते पर बुधवार को जी20 नेताओं के ‘वर्चुअल’ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. चीन के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी. नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान में कहा कि यह जी20 ‘वर्चुअल’ शिखर सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में सितंबर में हुए वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान प्रमुख विषयों पर बनी सहमति व निष्कर्षों को आगे ले जाएगा.

ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किये जा रहे इस शिखर सम्मेलन में रूस-यूक्रेन युद्ध और इजराइल-हमास संघर्ष के प्रभाव पर भी चर्चा की जाएगी. बयान के अनुसार, दो महीने पहले नयी दिल्ली में वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान लिये गये विभिन्न निर्णयों के प्रभावी कार्यान्वयन पर बैठक में जोर दिये जाने की उम्मीद है.

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ली भारत सरकार के न्योते पर बैठक में भाग लेंगी. अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष सहित सभी जी20 सदस्य देशों के नेताओं, नौ अतिथि देशों और 11 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों को ‘वर्चुअल’ शिखर सम्मेलन में भाग लेने का न्योता दिया गया है. भारत ने 9-10 सितंबर को नयी दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu