देश हमेशा आपके साथ खड़ा है: प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम से कहा

नयी दिल्ली. विश्व कप क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ड्रेसिंग रूम में भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और इससे पहले लगातार 10 जीत दर्ज करने के लिए टीम की सराहना की. उन्होंने इस दौरान खिलाड़ियों की हौसला अफ.ज.ाई की और उन्हें एक-दूसरे को प्रेरित करने को कहा.

अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच के तुरंत बाद टीम के साथ अपनी मुलाकात का एक संक्षिप्त वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ”भारत आज और हमेशा उनके साथ खड़ा है.” प्रधानमंत्री वीडियो में कप्तान रोहित शर्मा और बल्लेबाज विराट कोहली का हाथ पकड़कर उनसे कहते नजर आ रहे हैं, ”आप 10 मैच जीतने के बाद यहां तक पहुंचे हैं. यह सब होता रहता है.” उन्होंने कहा, ”मुस्कुराइए, देश आपको देख रहा है.” मोदी ने प्रतियोगिता में सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले भारत के गेंदबाज मोहम्मद शमी को गले लगाया और कहा कि उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया.

उन्होंने अन्य खिलाड़ियों और टीम के कोच राहुल द्रविड़ से भी बातचीत की. उन्होंने टीम के सदस्यों से कहा कि वे जब भी दिल्ली आएं, तो उनसे जरूर मिलें. लीग मैचों में ऑस्ट्रेलिया सहित अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को बिना किसी परेशानी के हराने के बाद विश्व कप जीतने के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा भारत, रविवार को फाइनल मैच में पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम से छह विकेट से हार गया.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने मोदी के इस कदम की सराहना की, जबकि कांग्रेस ने उन्हें ‘मास्टर ऑफ ड्रामा’ करार दिया.
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”नेतृत्व यही है… मुश्किल परिस्थितियों में टीम के साथ खड़े होना. गर्मजोशी और आश्वासन टीम के लिए उत्साहजनक रहा होगा, जो हर मैच जीतने के बावजूद फाइनल हार गई थी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सीखने के लिए बहुत कुछ है.” भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ”एक सच्चा नेता वह होता है, जो आपके साथ सबसे अच्छे समय में नहीं, बल्कि सबसे कठिन परिस्थितियों में खड़ा होता है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आईसीसी विश्व कप फाइनल के बाद टीम इंडिया से उनके ड्रेसिंग रूम में मिलते हैं.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भारत के युवा इस तरह की ‘हताशा भरी रणनीति’ से मूर्ख नहीं बनेंगे. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” ‘मास्टर ऑफ ड्रामा इन इंडिया’ द्वारा खुद थोपे गए और बनाए गए सांत्वना के वीडियो ने कल जारी तस्वीरों के पीछे की अगंभीरता को पूरी तरह से उजागर कर दिया है. चेहरा बचाने की कवायद का उल्टा असर हुआ है. भारत के युवा इन हताश हरकतों से मूर्ख नहीं बनेंगे.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button