आयरलैंड के प्रधानमंत्री ने डबलिन में हिंसक झड़पों की निंदा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Nov 2023 08:49 PM
ऑडियो सुनें

लंदन. आयरलैंड के प्रधानमंत्री लियो वराडकर ने राजधानी डबलिन में बृहस्पतिवार को हिंसक झड़पों की कड़ी निंदा की और कहा कि दंगाई केवल अराजकता फैलाना चाहते थे. एक स्कूल के बाहर चाकू के हमले में तीन बच्चों के घायल होने के बाद शाम को हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें वाहनों को आग लगा दी गई और दंगा पुलिस पर हमला किया गया.

पुलिस ने बताया कि लगभग 500 लोगों ने दुकानों में लूटपाट की, वाहनों में आग लगा दी और दंगा रोधी पुलिस पर पथराव किया.
उसने बताया कि इन घटनाओं के सिलसिले में 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि हिंसा तब शुरू हुई जब इस तरह की अफवाहें फैलीं कि बृहस्पतिवार की दोपहर डबलिन में स्कूल के बाहर हुए हमले के लिए एक विदेशी नागरिक जिम्मेदार था.

प्रधानमंत्री वराडकर ने कहा कि आयरलैंड की राजधानी को दो हमलों का सामना करना पड़ा – एक निर्दोष बच्चों पर और दूसरा ”हमारे समाज और कानून के शासन पर.” पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को चाकू के हमले में पांच वर्षीय एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई उसने बताया कि छह वर्षीय एक अन्य लड़की का इलाज जारी है और एक अन्य बच्चे को रात में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
पुलिस के अनुसार कथित हमलावर को लोगों ने पकड़ लिया था और वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.

आयरलैंड के राष्ट्रीय पुलिस बल के प्रमुख आयुक्त ड्रयू हैरिस ने कहा कि दंगाइयों के साथ झड़प में एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया. उन्होंने बताया कि कुछ लोग धातु की छड़ों से लैस थे और अपना चेहरा ढके हुए थे. पुलिस ने कहा कि हिंसा को नियंत्रित करने के लिए डबलिन सिटी सेंटर में 400 से अधिक अधिकारियों को तैनात किया गया. अधिकारियों ने बताया कि हिंसक झड़पों को कुछ असामाजिक तत्वों ने अंजाम दिया था. उन्होंने बताया कि आयरिश संसद भवन, लेइनस्टर हाउस के आसपास भी एक सुरक्षा घेरा बनाया गया है तथा माउंटेड सपोर्ट यूनिट के अधिकारी पास के ग्राफ्टन स्ट्रीट में मोर्चा संभाले हुए हैं.

आयरलैंड के डबलिन में चाकूबाजी के बाद हिंसक झड़प, तीन बच्चे घायल

आयरलैंड की राजधानी डबलिन में बृहस्पतिवार को एक स्कूल के बाहर चाकू के हमले में तीन बच्चों और एक महिला के घायल होने के बाद शाम को हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें वाहनों को आग लगा दी गई और दंगा पुलिस पर हमला बोल दिया गया. बृहस्पतिवार को चाकू के हमले में पांच साल की एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई थी. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.

आयरलैंड पुलिस ने कहा कि स्कूल के बाहर हुए हमले के बाद लड़की का डबलिन के अस्पताल में इलाज चल रहा था. हमले की खबर के तुरंत बाद कम से कम 100 लोग सड़कों पर उतर आए. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के पास धातु की छड़े थीं तथा कुछ लोगों ने अपना चेहरा ढक रखा था.

पुलिस ने कहा कि हिंसा को नियंत्रित करने के लिए डबलिन सिटी सेंटर में 400 से अधिक अधिकारियों को तैनात किया गया.  धिकारियों ने बताया कि हिंसक झड़पों को कुछ असामाजिक तत्वों ने अंजाम दिया था. उन्होंने बताया कि आयरिश संसद भवन, लेइनस्टर हाउस के आसपास भी एक सुरक्षा घेरा बनाया गया था तथा माउंटेड सपोर्ट यूनिट के अधिकारी पास के ग्राफ्टन स्ट्रीट में मोर्चा संभाले हुए थे.

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने दंगा पुलिस के साथ भी झड़पें की. इस दौरान कई पुलिस वाहन और एक ट्राम क्षतिग्रस्त हो गयी, जबकि शहर के ओ’कोनेल ब्रिज पर एक बस और कार में भी आग लगा दी गई. हिंसा के बाद पुलिस और राजनेताओं ने शांति का आह्वान किया और हिंसा को लेकर गलत सूचना के खिलाफ चेतावनी दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu