अमेरिकी सेना का ओस्प्रे विमान जापान में दुर्घटनाग्रस्त, कम से कम एक व्यक्ति की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Nov 2023 10:11 PM
ऑडियो सुनें

तोक्यो. दक्षिणी जापान में बुधवार को छह लोगों को ले जा रहे अमेरिकी सेना के ओस्प्रे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद समुद्र से बरामद किए गए चालक दल के एक सदस्य को मृत घोषित कर दिया गया है. जापान के तट रक्षक बल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

तटरक्षक बल के प्रवक्ता काजुओ ओगावा ने कहा कि दुर्घटना के कारण और विमान में सवार पांच अन्य व्यक्तियों के बारे में कुछ पता नहीं चला है. उन्होंने बताया कि शुरुआती खबरों में कहा गया था कि विमान में आठ लोग सवार थे, लेकिन अमेरिकी सेना ने बाद में यह संख्या संशोधित कर छह कर दी. उन्होंने कहा कि तट रक्षक बल को याकुशिमा के पास दुर्घटनास्थल के निकट मछली पकड़ने वाली एक नौका से एक आपात फोन आया था.

ओगावा ने कहा कि तटरक्षक विमान और गश्ती नौकाओं को एक व्यक्ति मिला, जिसे बाद में नजदीकी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, और माना जाता है कि भूरे रंग का मलबा ओस्प्रे विमान का ही था. पीड़ित की पहचान केवल एक पुरुष के रूप में की गई थी. वे याकुशिमा के पूर्वी तट से लगभग एक किलोमीटर दूर पाए गए. क्षेत्र में एक खाली जीवन रक्षक नौका भी बरामद की गयी थी.

ओस्प्रे एक हाइब्रिड विमान है, जो हेलीकॉप्टर की तरह उड़ान भरता और उतरता है, लेकिन उड़ान के दौरान यह अपने प्रोपेलर को आगे की ओर घुमा सकता है और हवाई जहाज की तरह बहुत तेजी से उड़ान भर सकता है. अमेरिकी मरीन कोर, नौसेना और वायु सेना ओस्प्रे विमान के संस्करणों का इस्तेमाल करती है.

जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव हिरोकाजू मात्सुनो ने कहा कि ओस्प्रे विमान तट रक्षक को आपातकालीन कॉल मिलने से कुछ मिनट पहले दोपहर में रडार से गायब हो गया था. अन्य मीडिया संस्थानों ने बताया कि रडार से गायब होने से लगभग पांच मिनट पहले विमान ने याकुशिमा हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग का अनुरोध किया था.

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी सेना से इस घटना के संबंध में स्पष्टीकरण मांगने की योजना बनाई है. लेकिन, किशिदा ने यह कहने से इनकार कर दिया कि क्या वह जापान में ओस्प्रे विमान के परिचालन को अस्थायी रूप से निलंबित करने की मांग करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu