दक्षिण अफ्रीका दौरे पर सीमित ओवरों के चरण से हटे रोहित, टेस्ट में करेंगे अगुआई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Nov 2023 10:48 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने टी20 टीम की कप्तानी की पेशकश किए जाने के बावजूद रोहित शर्मा का दक्षिण अफ्रीका दौरे पर सीमित ओवरों के क्रिकेट से ब्रेक का आग्रह स्वीकार कर लिया है. साथ ही जसप्रीत बुमराह को 26 दिसंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट की श्रृंखला के लिए रोहित की अगुआई वाली टीम का उप कप्तान बनाया गया है. सीमित ओवरों के मुकाबलों से ब्रेक का विराट कोहली का आग्रह भी स्वीकार कर लिया गया है.

सूर्यकुमार यादव और लोकेश राहुल को क्रमश: टी20 और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम की कमान सौंपी गई है.
हालांकि समझा जाता है कि अगर रोहित सबसे छोटे प्रारूप में खेलने का फैसला करते हैं तो हार्दिक पंड्या अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप में कप्तानी के लिए स्वत: पसंद नहीं होंगे.

बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ”रोहित को टी20 टीम की कप्तानी की पेशकश की गई थी लेकिन वह ब्रिटेन में छुट्टियां मना रहा है और विश्व कप के अंत तक चार महीने के व्यस्त सत्र के बाद विस्तारित ब्रेक चाहता है. लेकिन कप्तान के रूम में ड्रेसिंग रूम में उसका काफी सम्मान है और अगर वह टी20 विश्व कप में भारत की अगुआई के लिए सहमत होता है तो वह कप्तानी करेगा.” टी20 विश्व कप 2022 के बाद रोहित असल में सबसे छोटे प्रारूप में खेलने को लेकर हिचक रहे थे क्योंकि वह 50 ओवर के प्रारूप में खेलना चाहते थे.

रोचक है कि एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम में चुने गए अधिकतर खिलाड़ी टेस्ट या टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं. सिर्फ तीन खिलाड़ियों- श्रेयस अय्यर, मुकेश कुमार और रुतुराज गायकवाड़ को तीनों प्रारूप की टीम में जगह मिली है. अक्षर पटेल को टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है और श्रृंखला के लिए रविंद्र जडेजा नए उप कप्तान होंगे. राष्ट्रीय चयन समिति ने उम्मीद के मुताबिक कोना भरत को टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया है और राहुल को टेस्ट मैचों में विकेटकीपर की भूमिका निभानी होगी.

राहुल के विकेटकीपर की भूमिका निभाने से टेस्ट टीम में मध्य क्रम में दो स्थान बनेंगे. एक श्रेयस अय्यर के लिए और एक रिजर्व बल्लेबाज गायकवाड़ के लिए. समझा जाता है कि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को दिसंबर के अंतिम हफ्ते में शुरू हो रही टेस्ट श्रृंखला से पहले फिट होने का मौका दिया जाएगा.

सूत्र ने कहा, ”इस समय शमी की चोट काफी गंभीर नहीं है और इसलिए उसे टीम में रखा गया है. उनके कवर के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है.” विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में 89 रन की पारी खेलने वाले अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा ने संभवत: अपना अंतिम टेस्ट खेल लिया है.

सूत्र ने कहा, ”रहाणे और पुजारा के दो स्थान अब राहुल और अय्यर के होंगे. साथ ही गिल मध्यक्रम में बल्लेबाजी करेगा और यशस्वी जायसवाल को अधिक मौके मिलेंगे.” तेज गेंदबाज उमेश यादव भी अपना अंतिम टेस्ट खेल चुके हैं. एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रारूप इस समय सबसे कम महत्वपूर्ण है लेकिन 2025 चैंपियन्स ट्रॉफी को देखते हुए राहुल की अगुआई में 50 ओवर के प्रारूप में नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा.

लिस्ट ए में शानदार रिकॉर्ड रखने वाले रजत पाटीदार, बी साई सुदर्शन और रिंकू सिंह को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है और 50 ओवर के प्रारूप की भविष्य की टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी होंगे. टेस्ट टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे कुलदीप यादव को सीमित ओवरों की दोनों टीम में जगह मिली है. विश्व कप टीम से बाहर रहे युजवेंद्र चहल ने 50 ओवर के प्रारूप के लिए टीम में वापसी की है जबकि रवि बिश्नोई को टी20 टीम में जगह मिली है.

भारतीय टीम इस प्रकार हैं:
टेस्ट के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन, लोकेश राहुल, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा.

टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, इशान किशन, जितेश शर्मा, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर , रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार और दीपक चाहर.

एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय के लिए भारतीय टीम: रुतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा, रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, लोकेश राहुल, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल , मुकेश कुमार, आवेश खान, अर्शदीप सिंह और दीपक चाहर.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu