सीओपी28 में मजबूत भविष्य के लिए सार्थक बातचीत के लिए उत्सुक हूं: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 01 Dec 2023 09:12 PM
ऑडियो सुनें

दुबई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वह यहां संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी 28) में मजबूत भविष्य के लिए सार्थक वार्ता और सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने यहां कार्यक्रम स्थल पर मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया.

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”वैश्विक जलवायु कार्रवाई के लिए एक महत्वपूर्ण मंच, सीओपी28 शिखर सम्मेलन में शामिल होने पर खुशी हुई. सतत भविष्य के लिए सार्थक संवाद और सहयोग में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं.”

उन्होंने कहा, ”मैं अपने भाई मोहम्मद बिन जायद और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस को गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद देता हूं.” प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में भाग लेने के लिए बृहस्पतिवार रात दुबई पहुंचे. दुबई में भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

नयी दिल्ली से रवाना होने से पहले, मोदी ने कहा था उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम यूएई की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है, जो जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है.

उन्होंने कहा, ”अपने सभ्यतागत लोकाचार को ध्यान में रखते हुए भारत ने हमेशा जलवायु कार्रवाई पर जोर दिया है, यहां तक कि हम सामाजिक और आर्थिक विकास को आगे बढ़ा रहे हैं.” उन्होंने कहा था, ”जी20 की हमारी अध्यक्षता के दौरान जलवायु हमारी प्राथमिकता में सबसे ऊपर थी. नयी दिल्ली घोषणापत्र में जलवायु कार्रवाई और सतत विकास पर कई ठोस कदम शामिल हैं. मैं इन मुद्दों पर आम सहमति को सीओपी28 में आगे बढ़ाये जाने की उम्मीद करता हूं.”

मोदी जलवायु पर संयुक्त राष्ट्र के ‘कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज’ के दौरान शुक्रवार को विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसे सीओपी28 के नाम से जाना जाता है.
***

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu