कांग्रेस स्थापना दिवस: पार्टी का उद्देश्य जनकल्याण, जनता की प्रगति-खरगे ने कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Dec 2023 06:47 PM
कांग्रेस स्थापना दिवस: पार्टी का उद्देश्य जनकल्याण, जनता की प्रगति-खरगे ने कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में काम किया है जो संसदीय लोकतंत्र और समानता पर आधारित हो. कांग्रेस का आज 139वां स्थापना दिवस है और पार्टी अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार का प्रारंभ नागपुर में विशाल रैली के साथ कर रही है.

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,” इंडियन नेशनल कांग्रेस का उद्देश्य जन कल्याण और भारत के लोगों की प्रगति है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विश्वास ऐसे भारत में है जो संसदीय लोकतंत्र पर आधारित हो, जहां समानता हो और भेदभाव के बिना सभी के लिए अवसर हों और जहां संविधान में दर्ज राजनीतिक, आर्थिक तथा सामाजिक अधिकारों का पालन होता हो.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ” हमें गर्व है कि पिछले 138 वर्ष से हम इस प्रकार के भारत के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी से संघर्ष करते आ रहे हैं. कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक भारतीय को दिल से शुभकामनाएं.” कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर खरगे ने यहां पार्टी मुख्यालय में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया.

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में पार्टी के कार्यकार्ताओं को बधाई दी और कहा कि कांग्रेस का आधार सत्य और अहिंसा है, प्रेम, बंधुत्व, सम्मान तथा समानता उसके स्तंभ हैं और देशभक्ति उसकी छत है और कांग्रेस जैसे संगठन का हिस्सा होने पर वह गौरवान्वित हैं.

पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जिसने स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी. उन्होंने कहा कि यह वह पार्टी है जिसने आधुनिक भारत की नींव रखी, भारत की अर्थ व्यवस्था को 21वीं सदी तक पहुंचाया तथा अधिकारों पर आधारित सुरक्षा ताना-बाना बनाया.

वेणुगोपाल ने कहा,” यह सिर्फ एक पार्टी नहीं है,यह भारत की आत्मा है. आज जब हम पार्टी का 139वां स्थापना दिवस मना रहे हैं, ऐसे में इंडियन नेशनल कांग्रेस का हिस्सा होने पर बेहद गर्व है.” कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार का प्रारंभ महाराष्ट्र के नागपुर शहर में ‘हैं तैयार हम’ रैली से कर रही है. महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने बुधवार को कहा था कि पार्टी भाजपा को हराने का संदेश देगी. पार्टी के नेताओं के अनुसार खरगे, पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी रैली को संबोधित करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu