साल 2023 में दुनिया को अलविदा कह गईं हिंदी सिनेमा की कई मशहूर हस्तियां

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Dec 2023 06:48 PM
साल 2023 में दुनिया को अलविदा कह गईं हिंदी सिनेमा की कई मशहूर हस्तियां
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. साल 2023 में हिंदी सिनेमा जगत के कई चमकदार सितारे दुनिया को अलविदा कह गए. इनमें से कुछ के नाम इस प्रकार हैं;

1. जूनियर महमूद: “कारवां”, “ब्रह्मचारी” और “मेरा नाम जोकर” जैसी फिल्मों में बाल कलाकार के तौर पर भूमिका निभाने वाले जूनियर महमूद का कैंसर के कारण निधन हो गया. वह 68 वर्ष के थे. उनका बचपन का नाम नसीम सैयद था, उन्हें अपने आदर्श महमूद से जूनियर महमूद नाम मिला. दोनों ने 1968 में आई फिल्म ह्लसुहागरातह्व में साथ अभिनय किया था.

2. सतीश कौशिक: 66 वर्षीय अभिनेता-फिल्म निर्देशक का 9 मार्च को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. गुरुग्राम के एक अस्पताल ले जाते समय उनका निधन हुआ. राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय और भारतीय फिल्म एवं टीवी संस्थान के पूर्व छात्र कौशिक को “मिस्टर इंडिया” और “जाने भी दो यारो” में उनकी हास्य भूमिकाओं के साथ-साथ “तेरे नाम” और “मुझे कुछ कहना है” जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाना जाता है.

3. प्रदीप सरकार: “परिणीता” और “मर्दानी” जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए मशहूर फिल्मकार का 24 मार्च को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया, जहां वह वायरल बुखार का इलाज करा रहे थे. वह 67 वर्ष के थे. मुख्य रूप से विज्ञापन-फिल्म निर्माता सरकार ने प्रमुख ब्रांड के लिए कई विज्ञापनों का निर्देशन किया और म्यूजिक वीडियो बनाईं, जिनमें शुभा मुद्गल की “अब के सावन”, यूफोरिया की “धूम पिचक धूम” और सुल्तान खान की “पिया बसंती” शामिल हैं.

4. गुफी पेंटल: टीवी धारावाहिक “महाभारत” में शकुनि मामा की भूमिका निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता का 5 जून को उम्र संबंधी समस्याओं के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 79 वर्ष के थे. गुफी पेंटल ने 1980 के दशक की हिंदी फिल्में जैसे “सुहाग”, “दिल्लगी” के साथ-साथ “सीआईडी” और “हैलो इंस्पेक्टर” जैसे धारावाहिकों में भी काम किया, लेकिन बीआर चोपड़ा के “महाभारत” में शकुनि मामा की भूमिका के चलते वह घर-घर में र्चिचत हुए थे.

5. संजय गढ़वी: लोकप्रिय फिल्म “धूम” के निर्देशक का उनके 57वें जन्मदिन से सिर्फ तीन दिन पहले 19 नवंबर को निधन हो गया. गढ़वी की बेटी के अनुसार, वह “पूरी तरह स्वस्थ” थे. उन्होंने 2000 में “तेरे लिए” से निर्देशन की शुरुआत की, लेकिन दो साल बाद उन्हें “धूम” से प्रसिद्धि मिली.

इसके अलावा इस साल अभिनेता समीर कक्कड़, पार्श्व गायिका, लेखिका और दिवंगत फिल्मकार यश चोपड़ा की पत्नी पामेला चोपड़ा, गायिका वाणी जयराम, कला निर्देशक नितिन देसाई, गीतकार देव कोहली, अभिनेताओं बीरबल, जावेद खान अमरोही, नीतेश पांडे, दिनेश फडनिस, रियो कपाड़िया और अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu