बेलग्राद हमले के जवाब में रूस ने यू्क्रेन पर ड्रोन हमले किए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Dec 2023 07:47 PM
बेलग्राद हमले के जवाब में रूस ने यू्क्रेन पर ड्रोन हमले किए
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने सीमावर्ती शहर बेलग्राद में किये गये हमले के जवाब में शनिवार की रात को यूक्रेन पर ताजा ड्रोन हमला किया. इससे पहले रूस ने कहा था कि बेलग्राद हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा. यूक्रेन के वायु सेना ने रविवार को कहा कि उसने रात भर में रूसी सेना द्वारा दागे गए 49 में से 21 ड्रोन को मार गिराया.

क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने रविवार को कहा कि पूर्वी शहर खारकीव पर हुए हमले में 28 लोग घायल हो गए. क्षेत्रीय अभियोजक कार्यालय के अनुसार, इस हमले में एक होटल, अपार्टमेंट इमारतें, किंडरगार्डन, दुकानें और प्रशासनिक इमारतों को नुकसान हुआ है.
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि राजधानी कीव के आसपास के क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमले के कारण एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा केंद्र में आग लग गई.

इससे पहले रूस के सीमावर्ती शहर बेलग्राद में शनिवार को गोलाबारी में तीन बच्चों समेत 24 लोगों की मौत हो गई और 108 अन्य लोग घायल हो गए. यह हमला रूस द्वारा 22 महीने पहले यूक्रेन पर किए गए आक्रमण के बाद से रूस में हुये सबसे घातक हमलों में से एक है.

रूसी प्राधिकारियों ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है. बेलग्राद में हुए हमले से एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन पर 18 घंटे तक हवाई हमले किए थे, जिनमें 41 आम नागरिक मारे गए. मॉस्को की सेना ने शुक्रवार को यूक्रेन में 122 मिसाइल और दर्जनों ड्रोन से हमले किये, जिसे वायुसेना के एक अधिकारी ने युद्ध में अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला बताया था.

इसके बाद बेलग्राद के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लादकोव ने बताया कि बेलग्राद पर किए गए हमले में तीन बच्चों समेत 24 लोगों की मौत हो गई और 108 लोग घायल हो गए. सोशल मीडिया पर उपलब्ध बेलग्राद की तस्वीरों में जलती कारें और क्षतिग्रस्त इमारतों से निकलते काले धुओं का गुबार देखा जा सकता है और हवाई हमलों का सायरन सुना जा सकता है.

रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने हमले में इस्तेमाल किए गए गोला-बारूद की पहचान चेक (गणराज्य)-निर्मित वैम्पायर रॉकेट और गोला-बारूद से लैस ओल्खा मिसाल के रूप में की है. मंत्रालय ने इसके अतिरिक्त कोई जानकारी नहीं दी है. एसोसिएटेड प्रेस (एपी) इन दावों की पुष्टि नहीं करता है. मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा था, ”इस अपराध को बख्शा नहीं जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu