हिंदी सिने प्रेमियों को 2024 में कई फिल्मों की सौगात

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Jan 2024 08:34 PM
हिंदी सिने प्रेमियों को 2024 में कई फिल्मों की सौगात
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हिंदी सिने प्रेमियों के पास नए साल में देखने के लिए काफी कुछ है जिसमें बड़े बजट वाले शानदार सिनेमा के साथ ही कई फिल्में शामिल हैं. साल 2024 में रिलीज होने वाली कुछ बहु प्रतीक्षित फिल्में इस प्रकार हैं :

1) मैरी क्रिसमस : कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति अभिनीत इस रहस्य थ्रिलर फिल्म से कहानीकार श्रीराम राघवन 2016 में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ”अंधाधुन” के बाद वापसी करेंगे. इस फिल्म का ट्रेलर पहले ही थ्रिलर प्रेमियों के बीच काफी चर्चा बटोर चुका है. यह फिल्म 12 जनवरी को रिलीज होगी.

2) फाइटर : निर्देशक सिद्धार्थ आनंद अपनी नयी फिल्म ‘फाइटर’ के जरिए देशभक्ति और वीरता जैसी थीम के साथ ही ”पठान” की सफलता को दोहराना चाहते है. इस फिल्म में ऋतिक रोशन के साथ दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर हैं. यह 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

3) योद्धा : सिद्धार्थ मल्होत्रा की मुख्य भूमिका वाली इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म का निर्देशन सागर आम्ब्रे और पुष्कर ओझा ने किया है. धर्मा प्रोडक्शन वाली यह फिल्म कई दिन की देरी के बाद अब आखिरकार 15 मार्च को रिलीज होगी.

4) द क्रू : पूरी तरह महिलाओं द्वारा अभिनीत इस फिल्म में तब्बू, करीना कपूर खान और कीर्ति सैनन दिखायी देंगी. यह कॉमेडी फिल्म संघर्ष का सामना कर रहे एयरलाइन उद्योग पर आधारित है. फिल्म का निर्देशन राजेश कृष्णन ने किया और इसे रिया कपूर तथा एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म 22 मार्च को सिनेमाघरों में दिखायी देंगी.

5) बड़े मियां छोटे मियां : यह 1998 में आयी गोविंदा और अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म का रीमेक है और इसमें अक्षय कुमार तथा टाइगर श्रॉफ दिखेंगे. इसका निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया है. फिल्म 11 अप्रैल को रिलीज होगी.

6) चंदू चैम्पियन : खेल ड्रामा ”83” के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे कबीर खान की इस फिल्म में कार्तिक आर्यन सैनिक से एथलीट बने व्यक्ति के एकदम नए अवतार में दिखायी देंगे. यह फिल्म फ्रीस्टाइल तैराक और भारत के पहले पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित है. यह फिल्म सिनेमाघरों में 14 जून को रिलीज होगी.

7) सिंघम अगेन : पुलिस पर आधारित फिल्में बनाने के लिए पहचाने जाने वाले रोहित शेट्टी की नयी फिल्म से बाजीराव सिंघम की भूमिका में अजय देवगन की वापसी होगी और इस बार उनके साथ अन्य पुलिस अधिकारी अक्षय कुमार तथा रणवीर सिंह भी दिखायी देंगे. इसमें दीपिका पादुकोण और टाइगर श्रॉफ भी दिखायी देंगे. यह फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होगी.

8) स्त्री 2 : 2018 में आयी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ”स्त्री” के इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल में फिल्म के पहले वाले कलाकार राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना ही दिखेंगे. यह 30 अगस्त को रिलीज होगी.

9) जिगरा : आलिया भट पॉप संस्कृति वाली कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले फिल्म निर्माता वासन बाला के साथ पहली बार किसी फिल्म में काम करेंगी. करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और भट के एटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस वाली यह फिल्म 27 सितंबर को रिलीज होगी.

10) वेलकम टू द जंगल : ”वेलकम” श्रृंखला की इस तीसरी फिल्म में एक बार फिर अक्षय कुमार दिखायी देंगे. सितारों से सजी इस फिल्म का निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं और यह 20 दिसंबर को सिनेमाघरों में दिखायी देगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu