रूस ने मिसाइल से यूक्रेन के शहरों को बनाया निशाना : पांच की मौत, करीब 100 अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Jan 2024 10:19 PM
रूस ने मिसाइल से यूक्रेन के शहरों को बनाया निशाना : पांच की मौत, करीब 100 अन्य घायल
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने यूक्रेन के दो सबसे बड़े शहरों पर मंगलवार को मिसाइलों से हमला किया जिनमें पांच लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 100 अन्य घायल हुए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. युद्ध के दो साल होने को आए हैं और इसके साथ ही रूस ने र्सिदयों में शहरी इलाकों में बमबारी तेज कर दी है.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा कि राजधानी कीव पर किए गए हमले में चार आम लोगों की मौत हुई है और 92 अन्य घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि किनझल मिसाइलों से राजधानी पर हमला किया गया जो ध्वनि की गति से 10 गुना अधिक गति से जा सकती हैं. अधिकारियों ने बताया कि उत्तर पूर्वी शहर खारकीव में रूस के हमले में एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है.

यूक्रेन के कमांडर-इन-चीफ जनरल वलेरी जालुजनी ने दावा किया कि हवाई रक्षा बलों ने रूस द्वारा दागी गई सभी 10 हाइपरसोनिक मिसाइलों सहित करीब 100 विभिन्न प्रकार की मिसाइलों को नाकाम कर दिया है. रूस ने शुक्रवार से अपने हमले तेज कर दिए हैं और लगातार यूक्रेन के शहरों को निशाना बना रहा है. युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक शुक्रवार को किए हमले में एक दिन में सबसे अधिक 41 आम लोग मारे गए थे.

राजधानी कीव में नौ मंजिला अपार्टमेंट में दो लोग मारे गए. 48 वर्षीय इन्ना लुहिना और उनकी 80 वर्षीय मां सहित परिवार के सदस्य हमले की चपेट में आ गए. इमारत पर हुए हमले में बचे करीब 100 लोगों ने स्कूल की इमारत में अस्थायी शरण ली है. जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि रूस ने विभिन्न तरह की करीब 100 मिसाइलें दागी हैं. उन्होंने दावा किया कि कम से कम 70 मिसाइलों को नाकाम कर दिया गया और ये सभी मिसाइलें कीव इलाके को निशाना बनाकर दागी गई थीं.

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दावा किया कि पश्चिमी देशों द्वारा दी गई हवाई रक्षा प्रणाली पेट्रॉयट और एनएएसएएमएस ने सैकड़ों जिंदगियां बचाई हैं. रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने कीव और उसके आसपास सैन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं. मंत्रालय के मुताबिक पश्चिम द्वारा आपूर्ति की गई मिसाइलों और युद्ध सामग्री का भंडारण करने वाले डिपो को भी निशाना बनाया गया.

बिना विस्तृत जानकारी दिए रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा, ” सभी हमले के उद्देश्यों को प्राप्त किया गया और सभी लक्ष्यों को भेद दिया गया.” रूस के दावे की स्वतंत्र तरीके से पुष्टि नहीं हो सकी है. जेलेंस्की ने कहा कि रविवार से अब तक रूसी बलों ने 170 शाहेद ड्रोन और दर्जनों मिसाइलों से हमला किया और उसके निशाने पर अधिकतर गैर सैन्य इलाके थे.

रूस ने हाइपरसोनिक केएच-47एम2 किंझल बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागी हैं. रूसी बल यूक्रेन के खिलाफ विरले ही इन महंगी मिसाइलों का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि उनके पास इनकी सीमित संख्या है. रूस ने इससे पहले दावा किया था कि उसके सीमावर्ती शहर बेलगोरोड को यूक्रेन ने निशाना बनाया जिसमें कम से एक दर्जन लोग मारे गए.

यूक्रेन के खिलाफ करीब 22 महीने पहले रूस द्वारा युद्ध छेड़े जाने के बाद से शुक्रवार को उसके शहर पर हुआ अब तक सबसे घातक हमला था. रूसी अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तक मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं. पिछले साल मई से ही पश्चिमी रूस के शहर लगातार ड्रोन हमले के निशाना बन रहे हैं. हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों ने कभी स्वीकार नहीं किया है कि उन्होंने रूस के इलाके या क्रीमिया प्रायद्वीप पर हमला किया है.

पुतिन ने सोमवार को कहा, ”वे हमे धमकाना चाहते हैं और हमारे देश में अनिश्चतता पैदा करना चाहते हैं. हम अपने हमले तेज करेंगे. हमारे आम लोगों के खिलाफ अंजाम दिए गए प्रत्येक अपराध के लिए दंडित किया जाएगा.” रूस ने बेलगोरोड पर हमले को ‘आतंकवादी हमला’ करार दिया. रूस ने सोमवार को यूक्रेन पर शाहेद ड्रोन से 90 हमले किए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu