राम मंदिर उद्घाटन समारोह पर दीपिका चिखलिया ने कहा-यह ऐतिहासिक क्षण होगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Jan 2024 10:23 PM
राम मंदिर उद्घाटन समारोह पर दीपिका चिखलिया ने कहा-यह ऐतिहासिक क्षण होगा
ऑडियो सुनें

मुंबई. ”रामायण” धारावाहिक में देवी सीता की भूमिका से मशहूर हुईं दीपिका चिखलिया ने कहा कि वह 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं. छत्तीस साल पहले रामानंद सागर के ”रामायण” धारावाहिक से प्रसिद्ध हुईं चिखलिया ने पुष्टि की कि उन्हें भव्य समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है. चिखलिया के साथ अरुण गोविल के भी आने की संभावना है, जिन्होंने धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाई थी. यह शो दूरदर्शन पर 78 एपिसोड में प्रसारित हुआ था.

चिखलिया ने एक साक्षात्कार में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”हां, हमें 22 जनवरी को अयोध्या में आमंत्रित किया गया है…यह कुछ जादुई और ऐतिहासिक क्षण होगा.” चिखलिया ने कहा, ”मैंने हमेशा कहा है कि मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैं रामायण में सीता जी का किरदार निभा सकी. रामायण जैसी जादुई चीज का हिस्सा बनना बहुत ही दिव्य अनुभव रहा है. मैंने पूरी यात्रा का आनंद लिया. मैंने सीता जी का किरदार निभाया था..मैं आज तक सीता जी ही बनी हुई हूं. इसलिए मुझे लगता है कि हम सब धन्य हो गए.”

चिखलिया और गोविल के अलावा, अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, अक्षय कुमार, रजनीकांत, संजय लीला भंसाली, चिरंजीवी, मोहनलाल, धनुष, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अजय देवगन, सनी देओल, प्रभास, यश और ऋषभ शेट्टी समेत अन्य हस्तियों को भी समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है. चिखलिया ने कहा, ”मैं सभी को बताना चाहती हूं कि 22 जनवरी दिवाली की नयी तारीख है. जिस तरह से अयोध्या में दिवाली मनाई जाएगी, उसी तरह सभी को भगवान राम का स्वागत करना चाहिए और अपने घरों में दिवाली मनानी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu