भारत-मालदीव विवाद के बीच अमिताभ बच्चन ने की लक्षद्वीप, अंडमान की तारीफ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Jan 2024 09:06 PM
भारत-मालदीव विवाद के बीच अमिताभ बच्चन ने की लक्षद्वीप, अंडमान की तारीफ
ऑडियो सुनें

मुंबई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों पर विवाद के बीच अमिताभ बच्चन ने भारत की आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि लक्षद्वीप और अंडमान “अद्भुत रूप से सुंदर स्थान” हैं.
अभिनेता अक्षय कुमार, सलमान खान, श्रद्धा कपूर और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, वेंकटेश प्रसाद तथा वीरेंद्र सहवाग द्वारा लोगों से मालदीव की जगह घरेलू द्वीपों की यात्रा करने की अपील किए जाने के बाद 81 वर्षीय बच्चन की भी टिप्पणी आई है.

बच्चन ने सहवाग द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट का हवाला दिया जिसमें पूर्व क्रिकेटर ने “मालदीव के मंत्रियों द्वारा हमारे देश और हमारे प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किए जाने” को भारत के लिए पर्यटकों को आर्किषत करने और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा बनाने का एक अवसर बताया.

बच्चन ने अपने पोस्ट में कहा कि सहवाग की टिप्पणियां प्रासंगिक हैं और ”हमारी भूमि की सही भावना को दर्शाती हैं.” उन्होंने कहा, ”हमारे अपने (स्थल) सबसे अच्छे हैं.. मैं लक्षद्वीप और अंडमान गया हूं और वे अद्भुत रूप से सुंदर स्थान हैं.. अद्भुत जल, समुद्र तट और पानी के नीचे का अनुभव बिलकुल अविश्वसनीय है.”

बच्चन ने लिखा, “हम भारत हैं, हम आत्म-निर्भर हैं, हमारी आत्म-निर्भरता पर आंच मत डालिए. जय हिंद.” मालदीव सरकार ने रविवार को अपने तीन उप-मंत्रियों को निलंबित कर दिया, क्योंकि उन्होंने मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बाद ‘एक्स’ पर उनके पोस्ट को लेकर उनकी आलोचना की थी. इन मंत्रियों ने यह अनुमान लगाते हुए मोदी की आलोचना की थी कि उनका लक्षद्वीप दौरा भारत के इस केंद्रशासित प्रदेश को मालदीव के वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने का प्रयास है. हालांकि, हास्य-अभिनेता वीर दास ने इस विवाद पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की.

दास ने लिखा, ”सबसे पहले, इस बात से खुश हूं कि लक्षद्वीप को कुछ प्यार मिल रहा है.” निर्माता एकता कपूर ने कहा कि वह ‘एक्स’ पर यह कहने के लिए लौटी हैं कि वह अपने बेटे को मजेदार ढंग से छुट्टियां बिताने के लिए लक्षद्वीप ले जाएंगी. कपूर ने मालदीव से बेहतर भारतीय द्वीप को बताने के एक स्पष्ट संदर्भ में कहा, “अब कोई ‘मॉल’ नहीं. अब समय है द्वीप की खूबसूरती में गोता लगाने का.” अभिनेत्री निम्रत कौर और वरुण धवन ने ‘एक्स’ पर ‘एक्सप्लोर इंडियन आइलैंड्स’ हैशटैग के साथ पोस्ट किए.

कौर ने लिखा, “काम और जीवन से समय निकालकर ‘एक्सप्लोर इनक्रेडिबल इंडिया’ के लिए यात्रा करने का इससे बेहतर कोई तरीका नहीं है. हमेशा इसके साथ जीती हूं, कभी नहीं रुकूंगी-पीएमओ इंडिया-भारत की निम्रत.” धवन ने कहा, “लक्षद्वीप के समुद्र तटों पर हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सर को देखकर मुझे एहसास हुआ कि मैं अपने इतने खूबसूरत समुद्र तटों पर ना जाकर कुछ खो रहा हूं. मुझे अपनी अगली छुट्टियों की बुकिंग का इंतजार है.”

सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट भी किए गए जिनमें दावा किया गया कि विवाद के मद्देनजर कुछ भारतीय मालदीव की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर रहे हैं. मालदीव के विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेशी नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया मंचों पर “अपमानजनक टिप्पणियों” से सरकार अवगत है और व्यक्तिगत विचार सरकार के विचार नहीं हैं. मोदी कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए दो से तीन जनवरी तक लक्षद्वीप में थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu