स्टार्ट-अप कंपनी की सीईओ ने गोवा में बेटे की हत्या की, शव को बैग में भरकर कर्नाटक पहुंचने पर हुई गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 09 Jan 2024 07:12 PM
स्टार्ट-अप कंपनी की सीईओ ने गोवा में बेटे की हत्या की, शव को बैग में भरकर कर्नाटक पहुंचने पर हुई गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

पणजी. एक स्टार्ट-अप कंपनी की 39 वर्षीय मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने अपने चार वर्षीय बेटे की कथित तौर पर गोवा में हत्या कर दी और फिर उसके शव को बैग में भरकर टैक्सी से पड़ोसी राज्य कर्नाटक चली गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

गोवा पुलिस ने आरोपी सूचना सेठ को सोमवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार कर लिया. एक अधिकारी ने बताया कि उसे मंगलवार को गोवा लाया गया और मापुसा शहर की एक अदालत ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के मकसद का अभी तक पता नहीं चला है.

महिला छह जनवरी को अपने बेटे के साथ उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक किराए के फ्लैट में आई थी और दो दिनों तक वहां रहने के बाद सोमवार को टैक्सी से बेंगलुरु चली गई. पुलिस ने बताया कि अपार्टमेंट के कर्मचारियों ने बाद में पुलिस को सूचित किया और उन्हें बताया कि जब वह वहां से निकली, तो उनका चार वर्षीय बेटा उनके साथ नहीं दिखा.

ऑनलाइन पेशेवर मंच ‘लिंक्डइन’ पर सेठ के पेज के अनुसार, वह स्टार्ट-अप कंपनी ‘माइंडफुल एआई लैब’ की सीईओ हैं और 2021 के लिए ‘एआई एथिक्स’ में शीर्ष 100 प्रतिभाशाली महिलाओं में से एक थीं. कलंगुट पुलिस थाने के निरीक्षक परेश नाइक ने कहा, ”महिला छह जनवरी को अपने बेटे के साथ उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक किराए के फ्लैट में पहुंची थी.

उन्होंने बताया कि दो दिन वहां रहने के बाद, उसने अपार्टमेंट के कर्मचारियों को कहा कि उसे कुछ काम के लिए बेंगलुरु जाना है. उसने उन्हें टैक्सी की व्यवस्था करने को भी कहा. नाइक ने कहा, ”कर्मचारियों ने महिला से कहा कि वह बेंगलुरु के लिए उड़ान ले सकती हैं, क्योंकि टैक्सी से जाना महंगा रहेगा.” नाइक ने बताया कि आरोपी ने जोर देकर कहा कि वह टैक्सी से ही जाएगी. उन्होंने बताया कि आठ जनवरी को एक टैक्सी की व्यवस्था होने के बाद महिला सुबह-सुबह बेंगलुरु के लिये निकल गई.

नाइक ने बताया कि बाद में जब कर्मचारी उस कमरे की सफाई करने के लिए गये, जहां वह रुकी हुई थी, तो उन्हें तौलिये पर खून के धब्बे मिले. उन्होंने कहा, ”इस बारे में कर्मचारियों ने तुरंत कलंगुट पुलिस को सूचित किया और एक टीम मौके पर पहुंच गई.” उन्होंने कहा कि कर्मचारी ने यह भी बताया कि जब महिला फ्लैट से निकली थी, तो उसका चार साल का बेटा उसके साथ नहीं दिखा तथा उसके पास असामान्य रूप से भारी एक बैग भी था.

इसके बाद, पुलिस ने महिला से पूछताछ की और उससे खून के धब्बों तथा उसके ‘लापता’ बेटे के बारे में सवाल किए. अधिकारी ने कहा, ”महिला ने हमें बताया कि खून के धब्बे उसके मासिक धर्म के कारण थे. उसने हमें यह भी बताया कि उसका बेटा मडगांव शहर (दक्षिण गोवा में) में उसके दोस्त के साथ है. उसने उसका पता भी दिया.” नाइक ने बताया कि उन्होंने तुरंत फतोर्डा पुलिस (मडगांव के पास) की मदद ली, लेकिन पता चला कि उसने जो पता दिया था, वह फर्जी है.

निरीक्षक ने बाद में टैक्सी चालक से फोन पर बात की, जो उस समय बेंगलुरु जा रहा था और चित्रदुर्ग जिले पहुंच गया था. निरीक्षक ने टैक्सी चालक से आरोपी महिला को कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के नजदीकी पुलिस थाने ले जाने को कहा. नाइक ने बताया चित्रदुर्ग में पुलिस ने महिला के बैग की तलाशी ली, तो उसमें उन्हें बच्चे का शव मिला. उन्होंने बताया कि कलंगुट पुलिस का एक दल इसके बाद चित्रदुर्ग रवाना हुआ और आरोपी की ट्रांजिट रिमांड हासिल की. नाइक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम चित्रदुर्ग में किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि सेठ के खिलाफ गोवा के कलंगुट पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की 302 (हत्या) तथा 201 (सबूत नष्ट करना) और गोवा बाल अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. एक अन्य अधिकारी ने बताया, ”सेठ को मंगलवार अपराह्न करीब एक बजे गोवा लाया गया और मापुसा शहर की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.” हालांकि, अभी आरोपी महिला से पूछताछ नहीं की गई है, लेकिन उसने जांचकर्ताओं को बताया कि वह और उनके पति अलग हो चुके हैं और उनके तलाक की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

पुलिस अधीक्षक (उत्तरी गोवा) निधिन वलसन ने कहा, ”मामले की जांच कर रही गोवा पुलिस की एक टीम कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले गई थी और औपचारिक रूप से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.” उन्होंने बताया, ”उसने (महिला) हमें बताया कि वह और उनके पति अलग हो चुके हैं और वर्तमान में तलाक की कानूनी प्रक्रिया जारी है.” आरोपी महिला पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और बेंगलुरु में रह रही है, जबकि उनका पति केरल से है.

वलसन ने बताया कि उनका पति फिलहाल जकार्ता (इंडोनेशिया) में है और उन्हें घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है. उनके मुताबिक, आरोपी महिला ने बच्चे के शव को बैग में अपने ”सामान” के अंदर छिपाकर रखा हुआ था. उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद ही हत्या के मकसद का पता चलेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu