यरुशलम. इजराइल के अभिनेता और गायक इदान अमेदी गाजा पट्टी के खान यूनिस में इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के ‘रिजर्व’ सैनिक के रूप में लड़ते समय गंभीर रूप से घायल हो गए. अमेदी को ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘फौदा’ में अभिनय के लिए जाना जाता है.
इजराइली राजनयिक एविया लेवी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अमेदी के घायल होने की सूचना दी. उन्होंने लिखा,” ‘फौदा’ के अभिनेताओं में से एक, इदान अमेदी गाजा में लड़ते समय गंभीर रूप से घायल हो गए. हम आपके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करते हैं. ” समाचार पत्र टाइम्स ऑफ इजराइल के अनुसार, 35 वर्षीय अमेदी आईडीएफ के लिए ‘रिजर्व’ सैनिक के रूप में जंग में लड़ रहे थे. उन्हें सोमवार को हवाई मार्ग से अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज किया गया. इजराइली समाचार संस्थान को उनके पिता ने बताया कि उनका बेटा अब खतरे से बाहर है.
अमेदी ने घायल होने से कुछ घंटे पहले एक इजराइली चैनल के साक्षात्कार में कहा था,”थोड़ा थका हुआ हूं लेकिन ठीक हूं.” अभिनेता ने अपने वर्तमान मिशन के बारे में पूछे जाने पर कहा,”उन्होंने जो कुछ बनाया है वह पागलपन है. यह अभियान मुख्य रूप से मध्य (हमास सुरंग) मार्ग पर है. हमें यहां कई किलोमीटर लंबी सुरंगें, हथियार और खास-तरह के हथियार भी मिले हैं. हम पिछले दो दिनों से इसे नष्ट करने की कोशिश में व्यस्त हैं.”