साइबर अपराधों को रोकना मोदी सरकार की प्राथमिकता : शाह

शिलांग. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि साइबर अपराधों को रोकना मोदी सरकार की प्राथमिकता है और वह प्रत्येक नागरिक के लिए इंटरनेट को सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. यहां असम राइफल्स के मुख्यालय में साइबर सुरक्षा परिचालन केंद्र का उद्घाटन करने के बाद शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से डिजिटलीकरण की ओर बढ. रहा है.

उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार प्रत्येक नागरिक के लिए इंटरनेट को सुरक्षित बनाकर एक साइबर-सफल समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. साइबर अपराध को रोकना मोदी सरकार की प्राथमिकता है.” शाह ने कहा कि साइबर सुरक्षा परिचालन केंद्र, नेटवर्क की वास्तविक समय में निगरानी कर, बाहरी खतरों को कम करने और ‘असम राइफल्स वाइड एरिया नेटवर्क’ (एआरडब्ल्यूएएन) में साइबर घुसपैठ की रोकथाम करके असम राइफल्स की साइबर सुरक्षा स्थिति को मजबूत करेगा.

वाइड एरिया नेटवर्क, एक कंप्यूटर नेटवर्क है जो एक बड़े भौगोलिक क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्थित कई कार्यालयों और डेटा केंद्रों को जोड़ता है. उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा परिचालन केंद्र को अत्याधुनिक नेटवर्क तथा डेटा निगरानी उपकरणों से सुसज्जित किया गया है और यह 24 घंटे सातों दिन सेवाएं देगा.

गृह मंत्री ने कहा कि यह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के बीच अपने तरह का पहला केंद्र है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ.ते साइबर हमलों ने नेटवर्क को अवांछित घुसपैठियों, हैकिंग और अन्य साइबर घुसपैठों से सुरक्षित रखना अनिवार्य बना दिया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान बुनियादी ढांचा संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं के एकीकरण और प्रबंधन को सक्षम बनाता है. गृह मंत्री ने बल के भीतर निर्बाध और सुरक्षित डिजिटल सेवाएं सुनिश्चित करने में असम राइफल्स के ठोस प्रयासों की सराहना की.

Related Articles

Back to top button