पुलिस की सख्ती के बावजूद सीईसी और एसआईआर के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे: प्रकाश राज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 17 Oct 2026 02:06 PM
पुलिस की सख्ती के बावजूद सीईसी और एसआईआर के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे: प्रकाश राज
ऑडियो सुनें

अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज ने कहा है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ देशव्यापी शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को ”दबाने” की कोशिश की जा रही है लेकिन इसके बावजूद ये जारी रहेंगे। अभिनेता शुक्रवार को यहां ‘मानवीयम विधि’ में मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार और एसआईआर के खिलाफ आयोजित एक विरोध सभा में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले पुलिस ने यह कहते हुए हस्तक्षेप किया कि आयोजकों ने लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की अनुमति नहीं ली है।

इस वजह से वहां हल्की नोकझोंक हुई, हालांकि बाद में पुलिस ने कार्यक्रम को जारी रखने की अनुमति दे दी।
प्रकाश राज ने कहा कि देश के युवा महात्मा गांधी, बी.आर. आंबेडकर और भगत ंिसह से प्रेरणा लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर सवाल उठाते हुए कहा, ”हम सवाल पूछ रहे हैं: ज्ञानेश कुमार, आप हमें क्यों रोक रहे हैं? जिस तरह से आप हमें रोक रहे हैं और अवैध रूप से हिरासत में ले रहे हैं, वह साबित करता है कि कुछ तो गड़बड़ है।”

उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक और शांतिप्रिय देश है तथा लोगों को सवाल पूछने और विरोध करने का पूरा अधिकार है। केरलम में पुलिस के हस्तक्षेप के बारे में पूछे जाने पर प्रकाश राज ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के लिए अनुमति लिए जाने की आवश्यकता पर सवाल उठाया। उन्होंने सवाल किया, ”इस देश में विरोध प्रदर्शन करने के लिए हमें किसकी अनुमति चाहिए?” अभिनेता ने कहा, ”विरोध प्रदर्शन से आपका क्या मतलब है? क्या वे आतंकवादी हैं? इस देश के युवा और आम लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं।

क्या यह इस देश में कोई अपराध है? यह आपके लिए इसलिए अपराध है क्योंकि हम ऐसे कड़वे सवाल पूछ रहे हैं जिनका आपके पास कोई जवाब नहीं है।” उन्होंने कहा, ”मुझे पूरा भरोसा है कि पुलिस थक जाएगी और (प्रधानमंत्री) मोदी तथा (गृह मंत्री) शाह से कहेगी-हम आपके कार्यकर्ता नहीं हैं। कृपया हमसे ऐसा करना बंद करवाएं। सेना भी यह कहने लगेगी-नहीं, हम ऐसा नहीं कर सकते। वे भी इंसान हैं, वे भी इस देश के नागरिक हैं।”

 

राज ने कहा कि किसानों ने घोषणा की है कि वे युवाओं के समर्थन में इस आंदोलन में शामिल होंगे और उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से भी बड़े आंदोलन की बात कही। उन्होंने कहा, ”देखते हैं क्या होता है। यह जंतर-मंतर पर आपने जो देखा था, उससे भी बड़ी लड़ाई और बड़ा विरोध प्रदर्शन होने जा रहा है।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav