
श्रीनगर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उसका एकजुट होकर मुकाबला करने के लिए गठित विपक्षी दलों का ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन केवल तस्वीर खिंचवाने के लिए है और जमीन पर वह कहीं नहीं है.
भाजपा की यह प्रतिक्रिया बंगाल में सत्तारूढ. और ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल तृणमूल कांग्रेस द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव राज्य में अकेले लड़ने की घोषणा के बाद आई है. भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने कहा, ”हमारे नेता पहले ही कह चुके हैं कि यह (गठबंधन) फोटो खिंचवाने के सिवा कुछ भी नहीं है. उन्होंने तस्वीरें खिंचवा लीं और आप देखेंगे कि इस गठबंधन का क्या होगा. आपने देखा कि पश्चिम बंगाल, दिल्ली और पंजाब में क्या हुआ, और क्या बचा है? हमारा मानना है कि यह गठबंधन कहीं नहीं टिकेगा.”
कौल यहां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पहली बार मतदाताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संपर्क के हिस्से के रूप में आयोजित कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे. कौल ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने के सवाल पर कहा कि चुनाव होंगे. उन्होंने कहा, ” इस संबंध में उच्चतम न्यायालय का फैसला है और वह होगा.” भाजपा नेता दरअसल न्यायालय के उस निर्देश का संदर्भ दे रहे थे जिसमें निर्वाचन आयोग को 30 सितंबर 2024 तक जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव कराने को कहा गया है.



