टेक्सास के गिरजाघर में गोलीबारी में पांच साल के बच्चे समेत दो लोग घायल, महिला हमलावर ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Feb 2024 08:48 PM
टेक्सास के गिरजाघर में गोलीबारी में पांच साल के बच्चे समेत दो लोग घायल, महिला हमलावर ढेर
ऑडियो सुनें

ह्यूस्टन. टेक्सास के ह्यूस्टन में प्रमुख ईसाई पादरी जोएल ओस्टीन द्वारा संचालित विशाल गिरजाघर में रविवार को गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए और हमलावर महिला को भी मार गिराया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. शहर के पुलिस प्रमुख ट्रॉय फिनर ने कहा कि घायलों में लगभग पांच साल का बच्चा भी शामिल है जिसकी हालत गंभीर है जबकि कूल्हे में गोली लगने से घायल 57 वर्षीय व्यक्ति की हालत स्थिर है.

दोपहर बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लेकवुड गिरजाघर ने कहा कि गोलीबारी की घटना से अफरा तफरी का माहौल था, इसके बाद कानून प्रवर्तन अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. फिनर ने कहा कि हमलावर महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास होगी, जो लगभग पांच साल के बच्चे के साथ गिरजाघर में दाखिल हुई और गोलीबारी शुरू कर दी.

उन्होंने बताया कि दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर गिरजाघर में गोलीबारी की घटना के दौरान दो कानून प्रवर्तन अधिकारी भी मौजूद थे जो उस वक्त ड्यूटी पर नहीं थे, लेकिन उन्होंने ड्यूटी पर नहीं होने के बावजूद तत्परता दिखाई और महिला पर गोलियां दागीं जिससे उसकी मौत हो गई.

महिला की पहचान अभी उजागर नहीं हुई है. पुलिस प्रमुख ने कहा कि महिला ने धमकी दी थी कि उसके पास बम है और पुलिस के वहां पहुंचने पर उसने एक अज्ञात पदार्थ का छिड़काव किया था. उन्होंने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह पदार्थ क्या था, हालांकि दमकल विभाग के कर्मचारी जांच करने और घटनास्थल को साफ करने के लिए वहां पहुंचे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu