उपलब्धि: बीएसएफ अधिकारी ने ”आयरनमैन ट्रायथलॉन” पूरा कर इतिहास रचा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Aug 2024 07:30 PM
उपलब्धि: बीएसएफ अधिकारी ने ”आयरनमैन ट्रायथलॉन” पूरा कर इतिहास रचा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारी हरीश काजला (35) ने दुनिया में सबसे कठिन ‘ट्रायथलॉन’ कार्यक्रमों में से एक ‘आयरनमैन’ चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा कर इतिहास रच दिया है. काजला यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के पहले अधिकारी हैं. सहायक कमांडेंट हरीश काजला 2012 में देश के सबसे बड़ी सीमा प्रहरी बल ‘बीएसएफ’ में शामिल हुए थे. वह फिलहाल आतंकवाद निरोधक कमांडो बल ‘नेशनल सेक्युरिटी गार्ड (एनएसजी)’ में प्रतिनियुक्ति पर हैं.

सीमा सुरक्षा बल ने सोमवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर कहा, ” सहायक कमांडेंट हरीश काजला ने डेनमार्क के कोपेनहेगन में आयोजित ‘आयरन मैन चैलेंज’ को सफलतापूर्वक पूरा करके राष्ट्र और बल को गौरवान्वित किया है. वह इस चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सीएपीएफ के पहले अधिकारी बन गए हैं.” बीएसएफ के अनुसार काजला 12 घंटे 45 मिनट और 25 सेंकेंड में इस स्पर्धा को पूरा करने और यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने में सफल रहे. ‘आयरनमैन चैलेंज’ में तीन स्पर्धाएं आती हैं. इनमें 3.8 किलोमीटर की तैराकी, 180 किलोमीटर की साइकलिंग और 42.2 किलोमीटर की मैराथन दौड हैं. बीएसएफ के अनुसार, नवीनतम स्पर्धा के लिए, 35-39 आयु वर्ग के पुरुषों के लिए ‘कट-ऑफ’ समय 15:45:00 था.

सीमा सुरक्षा बल ने डेनमार्क की राजधानी में ‘फिनिश लाइन’ पर काजला की राष्ट्र ध्वज के साथ-साथ बीएसएफ और एनएसजी के झंडे पकड़े हुए तस्वीरें भी पोस्ट कीं. बीएसएफ पर मुख्य रूप से पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ लगती सीमा की चौकसी का जिम्मा है.
बीएसएफ गृहमंत्रालय के तहत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) का हिस्सा है. सीएपीएफ के तहत बीएसएफ के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) आते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu