अभिनेता दारासिंग खुराना को ब्रिटेन में महात्मा गांधी नेतृत्व पुरस्कार से नवाजा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Oct 2024 08:12 PM
अभिनेता दारासिंग खुराना को ब्रिटेन में महात्मा गांधी नेतृत्व पुरस्कार से नवाजा गया
ऑडियो सुनें

लंदन. भारतीय अभिनेता दारासिंग खुराना को ‘राष्ट्रमंडल वर्ष के युवा चैंपियन’ के रूप में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में किए गए कामों के लिए महात्मा गांधी नेतृत्व पुरस्कार से नवाजा गया है. खुराना (32) राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक (सीएचओजीएम) के लिए समोआ रवाना होने से पहले ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनियन में आयोजित वैश्विक मानसिक स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन-24 में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए थे.

उन्होंने कहा, “मैं कई वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरूकता फैलाने की दिशा में काम कर रहा हूं. इस समस्या को विश्व मानचित्र पर रखने और सत्ताधारी एवं प्रभावशाली लोगों के साथ सार्थक चर्चा करने का मौका पाकर बेहद खुश हूं.” खुराना को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एशमोलियन संग्रहालय में महात्मा गांधी नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

उन्होंने कहा, “मेरा मकसद अपने काम के जरिये समाज में मानसिक पक्ष पर अधिक स्वस्थ एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उसके लिए सम्मान अर्जित करना है. वैश्विक पहचान के जरिये इसे बड़े पैमाने पर प्रचारित करने का अवसर मिलना एक ऐसा घटनाक्रम होगा, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा.” सीएचओजीएम में खुराना समोआ की प्रधानमंत्री फियेम नाओमी मताफा, राष्ट्रमंडल महासचिव पैट्रीशिया स्कॉटलैंड और संयुक्त राष्ट्र की अवर महासचिव रबाब फातिमा के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर एक सत्र का संचालन करेंगे. सत्र में खुराना को भारत स्थित अपने संगठन ‘पॉज.ब्रीथ.टॉक फाउंडेशन’ के काम को वैश्विक मंच पर रखने की उम्मीद है, जिसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को सस्ती मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सा प्रदान करना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu