
चित्रदुर्ग. रेणुकास्वामी हत्या मामले की जांच कर रही पुलिस टीम को सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें कन्नड़ फिल्म स्टार दर्शन थुगुदीपा के कुछ सहयोगियों द्वारा पीड़ित का संदिग्ध अपहरण दिखता है. सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि फुटेज में एक व्यक्ति किसी से बात करते और फिर कार में बैठते हुए दिखता है. उन्होंने कहा कि समझा जाता है कि वह व्यक्ति रेणुकास्वामी था.
पुलिस को संदेह है कि दर्शन के प्रशंसक रेणुकास्वामी को उसके अपहरणकर्ताओं के साथ जाने के लिए “प्रलोभन” दिया गया था. एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “इसके बाद उसे सीधे बेंगलुरु ले जाया गया, जहां उसे प्रताड़ित कर मार डाला गया.” पुलिस ने हत्या के आरोप में दर्शन और उसकी मित्र एवं अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा के साथ-साथ 13 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है. सूत्रों के अनुसार “चैलेंजिंग स्टार” के नाम से मशहूर दर्शन पीड़ित रेणुकास्वामी से नाराज थे, क्योंकि रेणुकास्वामी ने गौड़ा को अश्लील संदेश और तस्वीरें भेजी थीं.



