‘अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने IAS अधिकारी पत्नी पर उन्हें बेटियों से नहीं मिलने देने का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 Feb 2024 09:30 PM
‘अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने IAS अधिकारी पत्नी पर उन्हें बेटियों से नहीं मिलने देने का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

भोपाल. टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण की भूमिका के लिए मशहूर अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी आईएएस अधिकारी पत्नी ने उनकी दो बेटियों को अगवा कर लिया है और उन्हें उनसे मिलने नहीं दे रही हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारद्वाज ने बुधवार को भोपाल के पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा को लिखित शिकायत सौंपी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है.

शिकायत में, अभिनेता ने दावा किया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी के रूप में कार्यरत उनकी पत्नी स्मिता घाटे, जो वर्तमान में भोपाल में तैनात हैं, उन्हें अपनी बेटियों से मिलने नहीं दे रही हैं और उन्होंने पुलिस से सहायता मांगी है. मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा, ”हमें नीतीश भारद्वाज से शिकायत मिली है कि उन्हें अपनी बेटियों से मिलने नहीं दिया जा रहा है. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शालिनी दीक्षित को जांच शुरू करने के लिए कहा गया है.” पुलिस सूत्रों ने बताया कि भारद्वाज ने शिकायत की कि उनकी पत्नी ने उनकी बेटियों का ‘अपहरण’ कर लिया है और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वे कहां हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें ‘मानसिक यातना’ दी जा रही है. भारद्वाज ने कहा कि उनकी बेटियों को उनकी जानकारी के बिना एक बोर्डिंग स्कूल से निकाल लिया गया और एक अज्ञात स्थान पर भेज दिया गया. अपनी अलग रह रही पत्नी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए भारद्वाज ने कहा कि उनका मामला (वैवाहिक विवाद का) एक पारिवारिक अदालत में लंबित है.

उन्होंने दावा किया कि परिवार अदालत ने उन्हें अपनी बेटियों से मिलने की इजाजत देने का आदेश दिया है, लेकिन वह उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं दे रही हैं. सूत्रों ने बताया कि भारद्वाज ने अपनी दोनों बेटियों की अभिरक्षा (कस्टडी) की मांग की है. संपर्क करने पर घाटे ने केवल इतना कहा कि वह (इस मुद्दे पर भारद्वाज का) वीडियो देखने के बाद इस मामले पर बयान देंगी और आगे कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu