राष्ट्र निर्माण के लिए भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपनाएं: बुद्ध पूर्णिमा पर राष्ट्रपति का संदेश

नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और सभी से सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने तथा भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने को कहा. उन्होंने कहा कि करुणावतार भगवान बुद्ध ने मानवता और सभी जीवित प्राणियों के लिए सत्य, अहिंसा, सद्भाव एवं प्रेम का संदेश दिया है.

मुर्मू ने कहा, “भगवान बुद्ध ने कहा था, ‘अप्प दीपो भव’ अर्थात स्वयं प्रकाशवान बनें. उनकी सहिष्णुता, आत्म-जागरूकता और अच्छे आचरण की शिक्षाएं हमें मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित करती हैं. उनका अष्टांगिक मार्ग सार्थक जीवन जीने का मार्ग प्रशस्त करता है.” राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मुर्मू ने कहा, ”आइए हम भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करें और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें.”

बुद्ध पूर्णिमा गौतम बुद्ध के जन्मदिन का प्रतीक है, जिनका जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ था और उन्हें भारत के कुशीनगर में मोक्ष प्राप्त हुआ था. राष्ट्रपति मुर्मू ने बयान में कहा, “बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर, मैं देश के सभी नागरिकों और दुनिया भर में फैले भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देती हूं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button