नयी दिल्ली. एअर इंडिया मंगलवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से ढाका के लिए अपनी निर्धारित उड़ान संचालित करेगी जबकि पड़ोसी देश बांग्लादेश की राजधानी के लिए विस्तारा की निर्धारित सेवाएं सात अगस्त से चालू होंगी. बांग्लादेश में नौकरियों में आरक्षण को लेकर सड़कों पर हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद से इस्तीफा देने और देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिसके बाद से वहां के हालात अस्थिर हैं.
एअर इंडिया ने मंगलवार को ढाका के लिए अपनी सुबह की उड़ान रद्द कर दी थीं. विमानन कंपनी मंगलवार को दिल्ली-ढाका-दिल्ली के लिए निर्धारित अपनी शाम की उड़ान एआई 237/238 संचालित करेगी. विमानन कंपनी ने एक बयान में यह भी बताया कि बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति के कारण, चार से सात अगस्त के बीच ढाका से आने-जाने वाली उड़ान पर ‘कन्फर्म बुकिंग’ वाले यात्रियों को यात्रा पुर्निनर्धारण के लिए एक बार की छूट दी जा रही है. उसने कहा कि यह पेशकश पांच अगस्त या उससे पहले बुक की गई टिकटों पर लागू होगी.
सामान्य कार्यक्रम के अनुसार, टाटा समूह के स्वामित्व वाली विमानन कंपनी राष्ट्रीय राजधानी से ढाका के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करती है. एक अधिकारी ने बताया कि विस्तारा बुधवार से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सेवाएं संचालित करेगी. विस्तारा मुंबई से प्रतिदिन और दिल्ली से ढाका के लिए तीन साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है. इंडिगो की ओर से बुधवार को ढाका की उड़ानों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गयी है.