अरुणाचल कांग्रेस ने लोगों से की राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने की अपील

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 19 Jan 2024 03:52 PM
अरुणाचल कांग्रेस ने लोगों से की राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने की अपील
ऑडियो सुनें

ईटानगर: कांग्रेस की अरुणाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नाबाम तुकी ने राज्य के लोगों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होने की शुक्रवार को अपील की। यह यात्रा पड़ोसी राज्य असम से शनिवार दोपहर अरुणाचल प्रदेश पहुंचेगी।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री तुकी ने कहा, ‘‘‘न्याय योद्धा’ बनिए और प्रेम तथा सौहार्द का संदेश पहुंचाइए। असमानता, क्रूर सामाजिक ध्रुवीकरण और ंिहसक अधिनायकवाद के खिलाफ देश की अंतरात्मा को जागृत कीजिए। आइए, नफरत और डर से लड़ने के लिए साथ चलें।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पिछले 10 वर्ष के ‘‘घोर अन्याय’’ ने जनता, लोकतंत्र और संविधान को बुरी तरह क्षति पहुंचाई है। गांधी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार दोपहर करीब दो बजे लखीमपुर से पूर्वोत्तर राज्य के पापुम पारे जिले के दोईमुख पहुंचेंगे और एसडीओ मैदान में जनता से बातचीत करेंगे। सूत्रों ने बताया कि दोईमुख से राहुल बस से नाहरलागुन पहुंचेंगे।

इसके बाद कांग्रेस नेता न्योकुम लापांग की ओर बढ़ेंगे और वहां से पैदल ही मालो तारिन सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान तक जाएंगे, वहां राहुल एक जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल उसी दिन ईटानगर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। गांधी रविवार सुबह होलोंगी के रास्ते राज्य की राजधानी से रवाना होंगे।

राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस की 6,713 किलोमीटर की यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और यह 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav