इजराइल के ‘गोलन हाइट्स’ पर हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jul 2024 07:42 PM
इजराइल के ‘गोलन हाइट्स’ पर हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

तेल अवीव. इजराइल के कब्जे वाले ‘गोलन हाइट्स’ में शनिवार को एक फुटबॉल मैदान पर हुए रॉकेट हमले में कम से कम 12 बच्चों और किशोरों की मौत हो गई. यह हमला इजराइल और लेबनान के चरमपंथी समूह हिजबुल्ला के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद से इजराइल की उत्तरी सीमा पर किया गया सबसे घातक हमला है, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका पैदा हो गई है. इस हमले के लिए इजराइल ने हिजबुल्ला को जिम्मेदार ठहराया है, लेकिन चरमपंथी समूह ने इसमें अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है.

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि हिजबुल्ला को ”इस हमले की ऐसी भारी कीमत चुकानी होगी, जो उसने पहले कभी नहीं चुकाई है.” इजराइली सेना के मुख्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने इसे सात अक्टूबर को हुए हमास के हमले के बाद, इजराइल के नागरिकों पर हुआ सबसे घातक हमला बताया. हमाम के हमले के बाद गाजा में युद्ध छिड़ गया. उन्होंने बताया कि ‘गोलन हाइट्स’ में हुए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए.

इजराइल के विदेश मंत्री इजराइल काट्ज ने ‘चैनल 12’ से कहा, ”इसमें कोई संदेह नहीं है कि हिजबुल्ला ने इस हमले से सभी हदें पार दी हैं और हमारी प्रतिक्रिया से यह बात समझ आएगी. हम उस पल के करीब पहुंच रहे हैं, जब हमें एक पूर्ण युद्ध का सामना करना पड़ेगा.” हिजबुल्ला के मुख्य प्रवक्ता मोहम्मद अफीफ ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि समूह ”इस बात से साफ इनकार करता है कि मजदल शम्स कस्बे पर उसने हमला किया.” हिजबुल्ला का किसी हमले से इनकार करना असामान्य बात है. इस हमले से पहले शनिवार को सीमा पार हिंसा हुई थी, जिसमें हिजबुल्ला ने उसके तीन लड़ाकों के मारे जाने की बात कही थी. हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि यह हिंसा कहां हुई.

इजराइल की सेना ने कहा कि उसकी वायुसेना ने सीमावर्ती गांव कफर किला में हिजबुल्ला के हथियार डिपो को निशाना बनाया. उसने कहा कि हमले के समय वहां आतंकवादी मौजूद थे.  इजराइल पर हुए घातक हमले के बाद नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री जल्द से जल्द अमेरिका से स्वदेश लौट रहे हैं, लेकिन उसने इसका समय नहीं बताया. नेतन्याहू अमेरिका की यात्रा पर गए हैं. उनके कार्यालय ने कहा कि वह इजराइल पहुंचने के बाद सुरक्षा कैबिनेट की बैठक करेंगे. एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक जिहान सफादी ने ‘चैनल 12’ को बताया कि मृतकों में पांच छात्र शामिल हैं. इजराइली सेना ने कहा कि उसके विश्लेषण के अनुसार, रॉकेट दक्षिणी लेबनान के चेबा गांव के उत्तर में स्थित क्षेत्र से दागा गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu